जानकारी के अनुसार, तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ निवासी वीरेंद्र शाक्य (25) का विवाह शुक्रवार को शिवपुरी की संजय कॉलोनी निवासी राजेश्वरी शाक्य के साथ संपन्न हुआ था। शनिवार दोपहर वीरेंद्र अपनी नई-नवेली दुल्हन, मां अन्वेश (50) और भाभी राजो शाक्य (22) के साथ ऑटो से अपने गांव राजगढ़ लौट रहा था। टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास ड्राइवर ने ऑटो रोका था, तभी पीछे से आए मौत के ट्रक ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया।
शनिवार दोपहर करीब 12:00 बजे टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। मुर्गी दाने से ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित हो गया, जिससे गंभीर दुर्घटना घट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से ट्रक को हटाया गया, तब जाकर अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला जा सका।

बहन की 'लगन' से पहले उठी भाई की अर्थी
इस हादसे की सबसे कारुणिक त्रासदी यह रही कि जिस घर में दुल्हन का स्वागत होना था, वहां मातम छा गया। मृतक वीरेंद्र की बहन भूरिया शाक्य की 'लगन' का कार्यक्रम भी शनिवार को ही तय था। परिवार के सदस्य दुल्हन को विदा कराकर सीधे समारोह में शामिल होने वाले थे। हादसे के वक्त भूरिया और ऑटो ड्राइवर पास की दुकान पर थे, जिस कारण उनकी जान तो बच गई, लेकिन अपनी आंखों के सामने पूरे परिवार को खत्म होते देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
जेसीबी की मदद से निकाले गए शव
हादसा इतना भीषण था कि ऑटो ट्रक के नीचे पूरी तरह पिचक गया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी मशीन बुलवाई। करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को सीधा किया गया और मलबे में दबे चारों लोगों को बाहर निकाला गया। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक झटके में उजड़े इस परिवार की दास्तां सुनकर पूरा इलाका गमगीन है।