वीआईपी वार्ड भी जलभराव से बेहाल, नगर निगम की व्यवस्था पर उठे सवाल
सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 40 में बारिश के बाद सड़क पर जलभराव हो गया। वीआईपी क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था की बदहाली से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सिंगरौली। नगर निगम क्षेत्र में हुई बारिश ने एक बार फिर शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। वार्ड क्रमांक 40 में महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल के लकड़ी टाल के सामने सड़क पर जलभराव हो गया, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड क्रमांक 40 शहर के सबसे महत्वपूर्ण और वीआईपी क्षेत्रों में गिना जाता है। इसी वार्ड में पूर्व सांसद रीति पाठक का आवास, जज एवं मजिस्ट्रेट के सरकारी आवास, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा का कार्यालय, पूर्व नगर निगम अध्यक्ष वीरेन्द्र मिश्रा का निवास, वार्ड पार्षद का घर, शासकीय सीएम राइज स्कूल, दर्जनों सरकारी एवं निजी विद्यालय, विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के आवास, जिला न्यायालय परिसर, बड़ा स्टेडियम, मुख्य बाजार, हनुमान मंदिर, जामा मस्जिद तथा घनी आबादी वाला रिहायशी क्षेत्र स्थित है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। उनका कहना है कि जब शहर के सबसे प्रमुख और संवेदनशील वार्ड का यह हाल है, तो अन्य क्षेत्रों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को बार-बार ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
Anubhav Dubey 
