13 साल से सड़क का इंतजार, मांग पूरी न होने पर कलेक्ट्रेट में दंडवत लेटे सरपंच पति

सिंगरौली में 13 साल से लंबित सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अनोखा प्रदर्शन किया। सरपंच पति दंडवत लेटकर विरोध जताया, जिसके बाद प्रशासन ने ज्ञापन लेकर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

13 साल से सड़क का इंतजार, मांग पूरी न होने पर कलेक्ट्रेट में दंडवत लेटे सरपंच पति
google

सिंगरौली जिले के ग्राम काम (महेला), ओंकारबालांड, पोस्ट निवारा के ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अनोखा विरोध-प्रदर्शन किया। सुनवाई नहीं होने से नाराज सरपंच पति संजय कुमार वर्मा कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर दंडवत लेट गए। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की, ज्ञापन लिया और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तिलैया मार्ग से जोड़ने वाली संपर्क सड़क का निर्माण लगभग 13 वर्ष पहले स्वीकृत हुआ था, लेकिन आज तक कार्य शुरू नहीं हो सका। बरसात के मौसम में पूरा रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और आम ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सरपंच सुमित्रा देवी वर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। मजबूर होकर ग्रामीणों को विरोध-प्रदर्शन करना पड़ा। वहीं, सरपंच पति संजय कुमार वर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल गांव की सड़क बनवाना है और जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में सड़क निर्माण शीघ्र प्रारंभ करने, कार्य की समय-सीमा सार्वजनिक करने तथा निर्माण पूर्ण होने तक आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।