उमंग सिंघार ने कहा- भागीरथपुरा की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक हो, जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई क्यों नहीं?

इंदौर में नेता प्रतिपक्ष, भागीरथपुरा कांड, जल संकट और रोजगार पर उमंग सिंघार का हमला, युवाओं के मुद्दे पर भी घेरा, बोले- जनता को जवाब दे सरकार

उमंग सिंघार ने कहा- भागीरथपुरा की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक हो, जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई क्यों नहीं?

इंदौर में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और सांवेर से कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी रीना बोरसी सेतिया द्वारा आयोजित सामूहिक रक्षाबंधन कार्यक्रम में मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार शामिल हुए।

इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। भागीरथपुरा प्रकरण, इंदौर के जल संकट, भू-माफिया, युवाओं के रोजगार और महंगाई जैसे विषयों पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कई सवाल उठाए।

भागीरथपुरा की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

दरअसल इंदौर में आयोजित सामूहिक रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भागीरथपुरा प्रकरण की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदौर की जनता को गंदा पानी पिलाया जा रहा है और इस पूरे मामले में केवल अधिकारियों पर कार्रवाई हो रही है, जबकि जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।

उन्होंने कहा कि अब लगता है इंदौर की जनता को खुद आगे आकर इस पूरे मामले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने की मांग करना चाहिए, इसके साथ ही कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाएगी।

भू-माफिया को लेकर सरकार पर बरसे, युवाओं के मुद्दे पर भी घेरा

वहीं सरकारी जमीनों पर कब्जे के मुद्दे पर सिंघार ने आरोप लगाया कि इंदौर से उज्जैन तक भाजपा नेताओं के संरक्षण में भूमि-माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने रेवती रेंज में आशा हॉल निर्माण और अन्य सरकारी जमीनों पर कब्जे के मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि विभागीय अधिकारी भी इस विषय पर बोलने से बच रहे हैं।

इसके साथ ही युवाओं के रोजगार को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा वर्ग-1, वर्ग-2, अतिथि शिक्षक भर्ती और ओबीसी आरक्षण जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब चाहता है। उनका आरोप था कि भाजपा सरकार युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल रही है और 13 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को भी रोके हुए है।

मंत्री विजयवर्गीय के शक्कर वाले बयान पर कसा तंज

साथ ही मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के शक्कर की कीमतों को लेकर दिए गए बयान पर भी उमंग सिंघार ने तंज कसते हुए कहा कि यदि वे स्वयं शक्कर नहीं खाते तो कम से कम जनता को यह जरूर बताएं कि सस्ती शक्कर कब मिलेगी। 

वहीं छात्र राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि छात्र हनुमान की तरह हैं, और जब हनुमान लंका में आग लगाते हैं तो उसका जलना तय होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।