MP में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद, होटल-रेस्त्रां और शादी कारोबार पर संकट

मध्य पूर्व में ईरान-इजराइल तनाव के बीच भोपाल में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी गई, जिससे होटल-रेस्त्रां और शादी सीजन से जुड़े कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।

MP में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद, होटल-रेस्त्रां और शादी कारोबार पर संकट

भोपाल: राजधानी में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की सप्लाई फिलहाल रोक दी गई है, जिससे होटल, रेस्त्रां, मैरिज गार्डन और कैटरिंग कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि मध्य पूर्व में चल रहे ईरान-इजराइल तनाव को देखते हुए ऑयल कंपनियों ने एहतियात के तौर पर यह फैसला लिया है।

शहर में रोज 10 हजार सिलेंडरों की होती थी खपत

राजधानी भोपाल में करीब 2000 से ज्यादा होटल और रेस्त्रां हैं, जहां रोजमर्रा के काम में कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल होता है। गैस एजेंसी संचालकों के मुताबिक सामान्य दिनों में शहर में रोज करीब 10 हजार कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई होती है, लेकिन सोमवार को अचानक कंपनियों से डिलीवरी रोकने के निर्देश मिल गए।हाल ही में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1773 रुपए से बढ़ाकर 1888 रुपए कर दी गई है। होटल और रेस्त्रां संचालकों का कहना है कि वे बढ़ी हुई कीमत देने को भी तैयार हैं, लेकिन शादी के सीजन में अचानक सप्लाई रोकना उनके लिए परेशानी पैदा कर सकता है।

शादी के सीजन में मैरिज गार्डन पर असर का खतरा

पंडितों के अनुसार मार्च के बाकी दिनों में भोपाल और आसपास करीब 1000 से ज्यादा शादियां होने वाली हैं, इसलिए मैरिज गार्डन और कैटरिंग कारोबार पर इसका असर पड़ सकता है।

घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने का फैसला

ऑयल कंपनियों का कहना है कि फिलहाल गैस की कमी नहीं है, लेकिन घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के लिए कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई अस्थायी रूप से रोकी गई है।इस मामले को लेकर प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों की बैठक बुलाई है, जिसमें आगे की रणनीति और समाधान पर चर्चा की जाएगी।