इंदौर में पति पत्नी का शव मिलने से मचा हड़कंप, मामले की जांच में जुटी पुलिस
इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के नंदा नगर में पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के नंदा नगर में पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पति का शव जहां फंदे पर लटका मिला, वहीं पत्नी का शव बिस्तर पर संदिग्ध अवस्था में पाया गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जानकारी में आर्थिक तंगी को घटना की वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
किराए के मकान में रहते थे पति-पत्नी
नंदा नगर की गली नंबर 3 में पति एकनाथ वाघ और उनकी पत्नी रोहिणी वाघ किराए के मकान में रहते थे. जहां दोनों का शव मिला है. एकनाथ वाघ का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला, जबकि उनकी पत्नी रोहिणी का शव बिस्तर पर पड़ा मिला. पत्नी के शव के पास चूड़ियां भी टूटी हुई मिली. घटना की जानकारी मिलते ही परदेशीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक महिला के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन उसकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है. जानकारी के अनुसार एकनाथ वाघ पेशे से मैकेनिक थे, और शेयर मार्केट में पैसा निवेश करते थे. बताया जा रहा है कि आर्थिक तंगी के चलते परिवार काफी समय से परेशान चल रहा था. पति-पत्नी अपने दो बच्चों के साथ नंदा नगर में किराए के मकान में रहते थे. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
shivendra 
