कांग्रेस पर CM मोहन यादव का हमला, बोले- 'न इंदौर में वंदे मातरम गाती है, न दिल्ली में'

CM मोहन यादव ने इंदौर में कांग्रेस पर वंदे मातरम को लेकर निशाना साधा। भाजपा ने 15 अगस्त के कार्यक्रम में केवल 55 सेकंड वंदे मातरम गाने का आरोप लगाया है।

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर में 14D थिएटर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर याद किया और उनके राजनीतिक जीवन, संवाद से समाधान तथा सभी को साथ लेकर चलने की नीति का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने रानी अवंतीबाई लोधी को भी उनके जन्मोत्सव पर नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद पहली बार वंदे मातरम को पूरे देश में अपनाया गया है, लेकिन कांग्रेस इंदौर और दिल्ली में वंदे मातरम नहीं गाती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस मामले में माफी मांगनी चाहिए।

दरअसल, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने आरोप लगाया है कि 15 अगस्त को इंदौर शहर कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम का करीब 55 सेकंड का अंश ही गाया गया। भाजपा प्रवक्ता ने गृह मंत्रालय के 9 जुलाई 2026 के प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए इसे नियमों की अनदेखी बताया और जिला प्रशासन से कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग तथा लागू निर्देशों की जांच कराने की मांग की है।

भाजपा ने इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इस आरोप पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री तुलसी सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव समेत भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।