तेज प्रताप ने बताया ऐश्वर्या से रिश्ता क्यों टूटा, बोले- 'हम दोनों की सोच नहीं मिलती थी'
तेज प्रताप यादव ने ऐश्वर्या राय से रिश्ते और तलाक को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि दोनों की सोच और जीवनशैली में तालमेल नहीं बैठ पाया।
जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय के साथ रिश्ते और तलाक को लेकर खुलकर बात की है। भोजपुरी कार्यक्रम के दौरान तेज प्रताप से ऐश्वर्या के साथ रिश्ता खराब होने की वजह पूछी गई, जिस पर उन्होंने कहा कि दोनों की सोच और जीवनशैली में तालमेल नहीं बैठ पाया। तेज प्रताप के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
तेज प्रताप ने बताया कि शादी के बाद दोनों की सोच में काफी अंतर था। उन्होंने कहा कि वह पूजा-पाठ करते थे, लेकिन ऐश्वर्या को उनका पूजा-पाठ करना पसंद नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि ऐश्वर्या दिल्ली के एक बड़े कॉलेज से पढ़ी हुई थीं और शायद इसी वजह से दोनों की सोच और जीवनशैली में तालमेल नहीं बैठ पाया।
तेज प्रताप ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी और ऐश्वर्या की शादी लव मैरिज नहीं, बल्कि अरेंज मैरिज थी। उन्होंने लव मैरिज को लेकर चल रही चर्चाओं को अफवाह बताया। वहीं उन्होंने कहा कि दोनों के बीच तलाक का मामला अभी अदालत में विचाराधीन है और इस पर फैसला आना बाकी है।
ऐश्वर्या पर लगाए गंभीर आरोप
तेज प्रताप ने अपनी मां राबड़ी देवी के साथ मारपीट का आरोप भी ऐश्वर्या पर लगाया। उन्होंने दावा किया कि घटना के समय दो-तीन विधायक वहां मौजूद थे और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी। तेज प्रताप ने यह भी कहा कि उनके पास घटना का वीडियो मौजूद है। हालांकि, ये आरोप तेज प्रताप यादव की ओर से लगाए गए हैं और इस मामले में ऐश्वर्या की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Anubhav Dubey 
