समय-सीमा बैठक में अपर कलेक्टर सख्त, खाद वितरण से लेकर बाढ़ तैयारियों तक दिए निर्देश

मऊगंज कलेक्ट्रेट में अपर कलेक्टर पीके पांडेय की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई, जिसमें योजनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा की गई।अधिकारियों को खाद वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सीएम हेल्पलाइन और मानसून तैयारियों से जुड़े कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

समय-सीमा बैठक में अपर कलेक्टर सख्त, खाद वितरण से लेकर बाढ़ तैयारियों तक दिए निर्देश
google

रिपोर्टर- राजेंद्र पयासी

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरुवार को अपर कलेक्टर पीके पांडेय की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, लंबित प्रकरणों और विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। अपर कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों को समय-सीमा में और संवेदनशीलता के साथ पूरा किया जाए।

बैठक में सबसे पहले रबी सीजन को देखते हुए खाद वितरण की स्थिति पर चर्चा हुई। अपर कलेक्टर ने ई-विकास पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद लेने में किसी भी तरह की असुविधा न हो। सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि कालाबाजारी न हो।

शिक्षा विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों और साइकिलों का वितरण युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए। यह काम 15 दिन में शत-प्रतिशत हो जाना चाहिए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

स्वास्थ्य विभाग के पीएमसी-एनीमिया कार्यक्रम की प्रगति भी बैठक में रखी गई। अपर कलेक्टर ने लक्ष्य के अनुरूप जांच और दवा वितरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को फील्ड में सक्रिय करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि हर शिकायत का निराकरण गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपूर्ण तरीके से तय समय में हो। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

मानसून को देखते हुए बाढ़ राहत तैयारियों की भी समीक्षा हुई। अपर कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों और पंचायतों को नालियों, नालों और प्रमुख मार्गों की सफाई अभी से शुरू करने को कहा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, नाव और मेडिकल टीम की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जल निगम की प्रस्तावित पानी की टंकियों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने, समग्र पोर्टल पर ई-केवाईसी का काम तेज कर 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने और बिजली विभाग को जर्जर खंभों व केबलों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से कराने के निर्देश दिए।

अंत में अपर कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एसडीएम मऊगंज ए.पी. द्विवेदी, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, डिप्टी कलेक्टर रश्मि चतुर्वेदी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।