नैनागिरि जैन तीर्थ में फिर चोरी, दानपात्र से 25 हजार रुपये ले गए चोर

बुंदेलखंड के प्रसिद्ध जैन तीर्थक्षेत्र रेशंदीगिरि नैनागिरि में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने भगवान महावीर स्वामी सरोवर में स्थित समवशरण जिनालय मंदिर में वारदात को अंजाम देते हुए मंदिर की खिड़की काटकर प्रवेश किया और फिर जिनालय में रखे दानपात्र/गुप्त भंडार के ताले काटकर दान की नगदी राशि ले भागे। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने अपनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

नैनागिरि जैन तीर्थ में फिर चोरी, दानपात्र से 25 हजार रुपये ले गए चोर

समवशरण जिनालय मंदिर क्रमांक 02 के दानपात्र से लगभग 25,000/- रुपये की नगदी चोरी कर ली गई। घटना की जानकारी मिलते ही तीर्थ क्षेत्र के मैनेजर, सहायक मैनेजर, चौकीदार एवं अन्य कर्मचारी तुरंत सक्रिय हो गए और स्थानीय पुलिस चौकी में सूचना दी। इस गंभीर वारदात को लेकर संपूर्ण जैन समाज के साथ ही

बुंदेलखंड, मध्य प्रदेश में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समय रहते अपराधियों का खुलासा नहीं किया गया तो किसी भी तरह के उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।सूचना मिलने पर डॉग स्क्वायड एवं अन्य जांचों की मदद से जांच की गई। इसके बाद बड़ामलहरा एसडीओपी रोहित अलावा सहित अन्य अधिकारी भी वारदात स्थल पर पहुंच गए।

पूर्व में भी हुई चोरी

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्षों—2012, 2016, 2021, 2022, 2023 और पिछले वर्ष 5 जुलाई 2025 को बहुत बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर लाखों रुपये की दान राशि ले गए। 11-12 नवंबर 2022 में फिर बड़ी घटना को अंजाम दिया गया, जिसमें कई मंदिरों के ताले काटकर दानपात्र से लाखों रुपये की राशि के अलावा चांदी के 21 छत्र और 3 बड़ी छारी बदमाश ले भागे। इसके अलावा अन्य वर्षों में भी इस तीर्थ क्षेत्र में इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार हो रही इन वारदातों से यह प्रतीत होता है कि रेशंदीगिरि नैनागिरि जैन तीर्थ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को योजनाबद्ध तरीके से क्षति पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

ट्रस्ट कमेटी का बयान

ट्रस्ट कमेटी के मंत्री राजेश जैन रागी (बकस्वाहा) ने तीर्थ क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों से आग्रह किया है कि वे सक्रिय सहयोग करें एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर प्रशासन तक पहुंचाएं, जिससे अपराधियों को शीघ्र पकड़ा जा सके। श्री रागी ने बताया कि इस वारदात के अपराधियों की पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को ट्रस्ट कमेटी की ओर से उचित पारितोषिक नगद राशि प्रदान की जाएगी तथा उसका नाम भी गोपनीय रखा जाएगा।