प्यार में धोखा मिला तो ठान लिया- IAS बनूँगा, 2 बार फेल हुए, फिर UPSC में ला पटकी 48वीं रैंक

पटना के आदित्य पांडे ने प्यार में मिले धोखे, दो बार UPSC में असफलता और लोगों के तानों को अपनी ताकत बनाया। ब्रेकअप के बाद खुद से किया वादा निभाते हुए उन्होंने UPSC 2023 में AIR 48 हासिल कर IAS अफसर बनकर इतिहास रच दिया। जानिए उनकी संघर्ष और सफलता की पूरी प्रेरणादायक कहानी।

प्यार में धोखा मिला तो ठान लिया- IAS बनूँगा, 2 बार फेल हुए, फिर UPSC में ला पटकी 48वीं रैंक

कहते हैं कि अगर दिल पर लगी चोट को सही दिशा दे दी जाए, तो इंसान इतिहास रच देता है। फिल्मों में आपने ठुकरा के मेरा प्यार, मेरा इंतकाम देखेगी जैसी कहानियाँ खूब देखी होंगी, लेकिन बिहार के एक लड़के ने इसे असल जिंदगी में सच कर दिखाया है। हम बात कर रहे हैं पटना के रहने वाले आदित्य पांडे की, जिन्होंने प्यार में मिले धोखे को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया और देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली UPSC परीक्षा पास कर IAS ऑफिसर बन गए।

टीचर ने उड़ाया था मजाक, पिता से कहा था- मूँछ मुंडवा लूँगा..
तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटे आदित्य बचपन में काफी शरारती थे। उनकी शरारतों को देखकर स्कूल के एक शिक्षक ने उनके पिता से यहाँ तक कह दिया था कि अगर यह लड़का पढ़ाई में सफल हो गया, तो मैं अपनी मूँछ मुंडवा लूँगा। शुरुआती पढ़ाई पटना में करने के बाद आदित्य अपनी बहन के पास जामनगर (गुजरात) चले गए।

10वीं में भटका ध्यान, इंजीनियरिंग के दौरान हुआ ब्रेकअप..
जामनगर में 8वीं और 9वीं में टॉप करने वाले आदित्य का ध्यान 10वीं क्लास में भटक गया। वजह थी- 'गर्लफ्रेंड'। इसका असर उनके बोर्ड रिजल्ट पर भी पड़ा। इसके बाद पिता उन्हें वापस पटना ले आए। 12वीं के बाद आदित्य इंग्लिश ऑनर्स करना चाहते थे, लेकिन पिता के कहने पर उन्होंने इंजीनियरिंग में एडमिशन ले लिया। कॉलेज के दौरान ही उनका अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया। यह दौर आदित्य के लिए बेहद दर्दनाक था, लेकिन इसी टूटे दिल के साथ उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से एक वादा किया- एक दिन IAS बनकर दिखाऊँगा।

लगातार दो बार मिली असफलता, झेले लोगों के ताने..
इंजीनियरिंग के बाद आदित्य ने नौकरी छोड़ दी और खुद को कमरे में बंद कर UPSC की तैयारी में झोंक दिया। लेकिन रास्ता इतना आसान नहीं था। साल 2021 और 2022 के प्रयास में उन्हें असफलता हाथ लगी। लगातार दो बार फेल होने के बाद आदित्य भारी तनाव में आ गए और आस-पड़ोस के लोगों ने भी ताने देने शुरू कर दिए कि 'यह कुछ नहीं कर पाएगा।

मॉक टेस्ट और सेल्फ स्टडी से पलटी किस्मत..
निराशा के बीच आदित्य ने हार नहीं मानी। उन्होंने किसी महंगी टेस्ट सीरीज़ के बजाय इंटरनेट की मदद से खुद नोट्स बनाए और घर पर ही जमकर अभ्यास किया। मेन्स के लिए वे रोज़ आंसर राइटिंग करते थे। आखिरकार, उनकी मेहनत रंग लाई। UPSC 2023 की परीक्षा में आदित्य पांडे ने ऑल इंडिया 48वीं रैंक हासिल कर अपने उस वादे को पूरा कर दिखाया, जो उन्होंने कभी खुद से और अपनी पूर्व गर्लफ्रेंड से किया था।


कामयाबी का मंत्र..
आदित्य की कहानी सिखाती है कि असफलताएँ और दिल का टूटना जिंदगी का अंत नहीं, बल्कि एक नई और शानदार शुरुआत का जरिया बन सकते हैं। बस जरूरत है तो खुद पर भरोसे और कड़े अनुशासन की।