नियम विरुद्ध संचालन पर अथर्वन ब्लड सेंटर सील, औषधि निरीक्षकों ने रिकॉर्ड किए जब्त

बंद रखने के आदेश के बावजूद चल रहा था ब्लड सेंटर! रीवा में अथर्वन ब्लड सेंटर पर बड़ी कार्रवाई

नियम विरुद्ध संचालन पर अथर्वन ब्लड सेंटर सील, औषधि निरीक्षकों ने रिकॉर्ड किए जब्त

रीवा। जिले में नियमों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे अथर्वन ब्लड सेंटर के खिलाफ औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। औषधि निरीक्षकों ने पीटीएस रोड स्थित सतनाम पेट्रोल पंप के सामने संचालित मेसर्स अथर्वन ब्लड सेंटर को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान सेंटर में मौजूद विभिन्न रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं।

पहले ही जारी हो चुके थे गतिविधियां बंद रखने के आदेश

जानकारी के अनुसार, ब्लड सेंटर का पूर्व में संयुक्त निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान सेंटर में कई कमियां सामने आई थीं। इसकी रिपोर्ट मुख्यालय भोपाल भेजी गई थी। रिपोर्ट के आधार पर राज्य औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी ने 3 जुलाई 2026 को आदेश जारी करते हुए कमियां दूर होने तक ब्लड सेंटर की सभी गतिविधियां तत्काल प्रभाव से बंद रखने के निर्देश दिए थे।

आदेश के बावजूद चोरी-छिपे संचालन का आरोप

बताया जा रहा है कि बंद रखने के स्पष्ट आदेश के बावजूद पिछले कुछ दिनों से ब्लड सेंटर में चोरी-छिपे संचालन किए जाने की जानकारी सामने आई थी। इस दौरान ब्लड वितरण किए जाने का भी आरोप है। इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज में इलाजरत स्वर्गीय कल्पना मिश्रा को एक यूनिट ब्लड प्लेटलेट्स उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी सामने आई।

औषधि निरीक्षकों की टीम ने की कार्रवाई

मामले की सूचना मिलने के बाद औषधि निरीक्षक राधेश्याम वट्टी और रेशु ठाकुर की टीम ब्लड सेंटर पहुंची। टीम ने मौके पर पहुंचकर सेंटर की जांच की और वहां उपलब्ध दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इसके बाद ब्लड सेंटर को सील कर दिया गया।

कार्रवाई के बाद उठे कई सवाल

इस कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब ब्लड सेंटर की गतिविधियां बंद रखने के स्पष्ट आदेश पहले ही जारी किए जा चुके थे, तो इसके बावजूद संचालन कैसे जारी रहा? आखिर नियमों की अनदेखी कर ब्लड सेंटर चलाने की अनुमति किस स्तर पर मिली और इसके पीछे किसका संरक्षण था? मामले में आगे की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।