Bhopal:रास्ते में ही लूटी LPG: ट्रक से 40 सिलेंडरों की गैस गायब
भोपाल में घरेलू गैस की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। इंडियन ऑयल डिपो से एजेंसी तक जा रहे सिलेंडरों में से करीब 40 सिलेंडरों में 1.5 से 2.5 किलो गैस कम पाई गई।
भोपाल:राजधानी में एलपीजी गैस की किल्लत और मारामारी के बीच घरेलू गैस की कालाबाजारी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इंडियन ऑयल डिपो से सैनी गैस एजेंसी के गोदाम तक भेजे जा रहे 350 सिलेंडरों में से कई सिलेंडरों से रास्ते में ही गैस निकाल ली गई।डिपो से एजेंसी के गोदाम की महज 20 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रक को 13 घंटे का समय लगा, जिससे पूरे मामले पर संदेह गहरा गया।
वजन में सामने आई बड़ी गड़बड़ी
खाद्य विभाग ने संदेह के आधार पर सैनी गैस एजेंसी की गाड़ी को बीच रास्ते में रुकवाया और एक-एक सिलेंडर का वजन कराया। जांच के दौरान करीब 40 सिलेंडरों में गैस कम पाई गई। हर सिलेंडर से लगभग 1.5 से 2.5 किलो गैस गायब थी।सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि सिलेंडरों की सील बिना किसी नुकसान के सुरक्षित मिली, जिससे यह साफ है कि गैस निकालने का तरीका बेहद शातिराना था।
ट्रांसपोर्ट के दौरान चोरी की आशंका
खाद्य विभाग के अनुसार गैस की चोरी डिपो से एजेंसी गोदाम के बीच ट्रांसपोर्ट के दौरान ही की गई है। यह सिलेंडर ग्वालियर के श्री बालाजी ट्रांसपोर्टर की गाड़ी से भेजे जा रहे थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग ने ट्रांसपोर्टर को तलब किया है और पूछताछ शुरू कर दी गई है।
sanjay patidar 
