सतना: नई बस्ती में अवैध शराब दुकान सील, प्रदर्शन के बाद प्रशासन की कार्रवाई
सतना के नई बस्ती क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाई गई अवैध शराब दुकान को प्रशासन ने प्रदर्शन के बाद सील कर दिया.जांच में अवैध कब्जे की पुष्टि हुई.
नगर निगम क्षेत्र के नई बस्ती इलाके में खोली जा रही शराब दुकान को लेकर एक बार फिर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. लंबे समय से कार्रवाई न होने से नाराज क्षेत्रवासियों ने दुकान के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया. जनदबाव बढ़ने के बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर अवैध शराब दुकान को सील कर दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए SDM राहुल सिलाड़िया, कोलगवां थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान सामने आया कि जिस स्थान पर शराब दुकान संचालित की जा रही थी, वह खसरा नम्बर 14 के अंश भाग की सरकारी भूमि है. इस जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकान का निर्माण किया गया था.
SDM राहुल सिलाड़िया ने दी जानकारी
एसडीएम राहुल सिलाड़िया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अवैध कब्जे के स्पष्ट प्रमाण मिले हैं. उन्होंने कहा कि पूरे मामले को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां सभी पक्षों की सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी. फिलहाल प्रशासन ने दुकान को सील कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कब्जाधारी ने न केवल सरकारी जमीन पर दुकान बनाई, बल्कि वहां लगे सरकारी हैंडपंप पर भी कब्जा कर उसमें सबमर्सिबल पंप डाल दिया। इससे क्षेत्र में पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई थी.
बताया जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर यह दूसरा प्रदर्शन था, जिसका नेतृत्व पूर्व पार्षद अजय सिंह मिंटू ने किया. लगातार विरोध और जन दबाव के बाद प्रशासन की यह कार्रवाई सामने आई है. फिलहाल इस कदम से क्षेत्रवासियों में संतोष का माहौल है, वहीं लोगों ने प्रशासन से अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की मांग की है.
shivendra 
