Bhopal News : शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के प्रदर्शन में पहुंचे दिग्विजय सिंह, बोले- मांग नहीं मानी तो भूख हड़ताल

Bhopal News : दिग्विजय सिंह ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर शिक्षक दिवस तक अभ्यर्थियों की मांग पूरी नहीं होती है, तो वह 24 घंटे के लिए भूख हड़ताल करेंगे।

Bhopal News : शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के प्रदर्शन में पहुंचे दिग्विजय सिंह, बोले- मांग नहीं मानी तो भूख हड़ताल

Bhopal News : मध्य प्रदेश। भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षक भर्ती-2025 और रिक्त पदों में बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के बीच बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पहुंचे। उन्होंने अभ्यर्थियों की मांगों को जायज बताया और सरकार से जल्द समाधान करने की मांग की। सिंह ने चेतावनी दी कि अगर शिक्षक दिवस तक पदों में बढ़ोतरी नहीं की गई, तो वह खुद 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को अभ्यर्थियों की मांग पर तत्काल फैसला लेना चाहिए।

पद नहीं बढ़े तो खुद करेंगे भूख हड़ताल

दिग्विजय सिंह ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह सरकार को स्पष्ट चेतावनी दे रहे हैं। अगर शिक्षक दिवस तक अभ्यर्थियों की मांग पूरी नहीं होती है, तो वह 24 घंटे के लिए भूख हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य उनके लिए हमेशा महत्वपूर्ण विषय रहे हैं।

दिग्विजय सिंह ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान गांव-गांव तक शिक्षा पहुंचाने के लिए बड़ी संख्या में स्कूल खोले गए थे। उनके अनुसार, करीब 45 हजार नए स्कूल खोले गए थे।

स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का दावा

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में शिक्षक भर्ती का अधिकार भोपाल से हटाकर स्थानीय स्तर पर दिया गया था। उनका दावा था कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार के अवसर मिले और स्थानीय युवाओं को शिक्षक भर्ती में प्राथमिकता दी गई। इस दौरान पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे। प्रदर्शन में शामिल महिला अभ्यर्थियों ने दिग्विजय सिंह को राखी भी बांधी।

सिलेबस बदलाव पर सरकार को घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने मौजूदा शिक्षा व्यवस्था और सिलेबस में हुए बदलाव को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों ने वर्षों तक पुराने सिलेबस के आधार पर पढ़ाया है, अब उन्हें नए सिलेबस के अनुसार परीक्षा देने के लिए कहा जा रहा है।

उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब विभाग में रिक्त पद मौजूद हैं, तो उन पर भर्ती क्यों नहीं की जा रही है। उनका आरोप था कि शिक्षा और रोजगार देने के बजाय युवाओं को दूसरे मुद्दों में उलझाया जा रहा है।

कांवड़ यात्रा और धार्मिक मुद्दों पर टिप्पणी

दिग्विजय सिंह ने भाजपा और आरएसएस पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में शिक्षा और रोजगार के बजाय राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों को प्राथमिकता दी जा रही है। कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को यात्रा में ले जाने की कोशिश हो रही है, लेकिन उन्हें नौकरी देने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

उन्होंने राम मंदिर के चंदे को लेकर भी भाजपा और संघ से जुड़े संगठनों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। सिंह ने कहा कि उम्र करीब 80 वर्ष होने के बावजूद वह खुद को नौजवान मानते हैं।

अभ्यर्थियों का नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना

वर्ग-2 माध्यमिक और वर्ग-3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती-2025 में पद बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थी नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। एक दिन पहले प्रदर्शनकारी नरेंद्र राजपूत की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी।

इसके बाद भी अभ्यर्थियों ने अपना आंदोलन जारी रखा। पदवृद्धि की मांग को लेकर प्रदेशभर के अभ्यर्थियों ने 21 अगस्त को भोपाल में बड़ा प्रदर्शन किया था। डीपीआई के सामने प्रदर्शन और ज्ञापन देने के बाद अभ्यर्थी रैली के रूप में नीलम पार्क पहुंचे और धरना शुरू किया।

नवंबर 2025 से चल रहा है आंदोलन

अभ्यर्थियों का कहना है कि पदवृद्धि की मांग को लेकर नवंबर 2025 से जुलाई 2026 तक अलग-अलग चरणों में कई आंदोलन किए जा चुके हैं। उनका दावा है कि लगातार प्रदर्शन के बावजूद उनकी मांग का समाधान नहीं हुआ।

नीलम पार्क में चल रहे आंदोलन का बुधवार को छठा दिन है। अभ्यर्थी अब सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर शिक्षक भर्ती में रिक्त पदों की संख्या बढ़ाने और भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।