गुना: बिना वैध दस्तावेज संचालित अस्पताल, पैथोलॉजी लैब और मेडिकल स्टोर पर प्रशासन का शिकंजा, SDM ने कराया बंद

गुना जिले के आरोन में एसडीएम मंजूषा खत्री के नेतृत्व में प्रशासन ने बिना वैध दस्तावेज संचालित अस्पताल, पैथोलॉजी लैब और मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई करते हुए उनका संचालन बंद करा दिया।

गुना: बिना वैध दस्तावेज संचालित अस्पताल, पैथोलॉजी लैब और मेडिकल स्टोर पर प्रशासन का शिकंजा, SDM ने कराया बंद

रिपोर्ट गौरव शर्मा: गुना जिले के आरोन में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर नियमों की अनदेखी करने वाले निजी संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम मंजूषा खत्री के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण करते हुए भोपाल मल्टी केयर हॉस्पिटल, इंदौर पैथोलॉजी लैब और भोपाल मल्टी केयर मेडिकल स्टोर की जांच की। जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर अस्पताल, पैथोलॉजी लैब और मेडिकल स्टोर का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

दस्तावेज नहीं दिखा सके संचालक

निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल, पैथोलॉजी लैब और मेडिकल स्टोर के पंजीयन, लाइसेंस, संचालन की अनुमति सहित अन्य वैधानिक दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान भोपाल मल्टी केयर हॉस्पिटल और इंदौर पैथोलॉजी लैब के संचालक आवश्यक दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके।

प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर एसडीएम मंजूषा खत्री ने दोनों संस्थानों का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए।

मेडिकल स्टोर भी कराया गया बंद

कार्रवाई के दौरान भोपाल मल्टी केयर मेडिकल स्टोर में भी नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने मेडिकल स्टोर को भी तत्काल बंद करा दिया। संबंधित विभागों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

निजी स्वास्थ्य संस्थानों में मचा हड़कंप

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद आरोन क्षेत्र के निजी अस्पतालों, पैथोलॉजी लैब और मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि बिना वैध अनुमति, बिना लाइसेंस या नियमों का उल्लंघन कर संचालित किसी भी स्वास्थ्य संस्थान के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

एसडीएम मंजूषा खत्री ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी औचक निरीक्षण लगातार किए जाएंगे और अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, बीएमओ डॉ. अविनाश रघुवंशी ने भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी संस्थानों को निर्धारित नियमों और मानकों का पालन करना अनिवार्य है। किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।