मऊगंज: हाईवे पर कट्टा सटाकर ₹45 हजार की लूट का 24 घंटे में खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

मऊगंज के नेशनल हाईवे-135 पर कट्टा दिखाकर ₹45,560 की लूट करने वाले एक आरोपी को लौर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। बाइक और मोबाइल बरामद, दो आरोपी अभी फरार।

मऊगंज: हाईवे पर कट्टा सटाकर ₹45 हजार की लूट का 24 घंटे में खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

मऊगंज | राजेंद्र पयासी: मऊगंज जिले की लौर थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-135 पर कट्टा दिखाकर की गई लूट की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूट में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस अब इस वारदात में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम तथा एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में की गई।

रीवा जाते समय वारदात को दिया था अंजाम

थाना प्रभारी ने बताया कि 7 जुलाई को फरियादी राजबहोर पटेल (49) निवासी देवरिहनगांव, थाना नईगढ़ी, अपने घर से रीवा जा रहे थे। शाम के समय पलिया ओवरब्रिज पर नेशनल हाईवे-135 पर पल्सर बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। जैसे ही फरियादी रुके, आरोपियों ने उन्हें बातों में उलझाया और माथे पर कट्टा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनकी जेब में रखे 45,560 रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर थाना लौर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) के तहत लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

हुलिया, बाइक नंबर और CCTV से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान फरियादी द्वारा बताए गए हुलिया और घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक (एमपी 17 जेडआर 3289) के आधार पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने शिवम गुप्ता (18) निवासी रतहरा गड़रिया मोड़, थाना समान, जिला रीवा को 8 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक और मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया।

दो आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक लूट की वारदात में शिवम गुप्ता के साथ दो अन्य आरोपी भी शामिल थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल, सहायक उपनिरीक्षक योगेन्द्र प्रसाद तिवारी, प्रधान आरक्षक अवनीश पाण्डेय, आरक्षक अजय मौर्य, शत्रुधन सिंह और वीरेन्द्र शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।