भारत के सामने हांगकांग की चुनौती, जीतते ही सेमीफाइनल में जगह पक्की; बल्लेबाजी सुधारने पर भी नजर

महिला एशिया कप 2026 में भारत और हांगकांग के बीच मुकाबला आज दुबई में खेला जाएगा. जीत के साथ टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह पक्की कर सकती है.

भारत के सामने हांगकांग की चुनौती, जीतते ही सेमीफाइनल में जगह पक्की; बल्लेबाजी सुधारने पर भी नजर

महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम गुरुवार को हांगकांग, चीन के खिलाफ मैदान में उतरेगी. टूर्नामेंट में अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड को 94 रन से हराने वाली हरमनप्रीत कौर की टीम की नजर अब लगातार दूसरी जीत पर है. भारत और हांगकांग के बीच मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रात 8 बजे से खेला जाएगा.

जीत के साथ सेमीफाइनल का टिकट

भारत के लिए यह मुकाबला काफी अहम है. हांगकांग के खिलाफ जीत हासिल करते ही भारतीय टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी. ग्रुप-ए में भारत के साथ पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग की टीमें हैं. ग्रुप की शीर्ष दो टीमें नॉकआउट दौर में पहुंचेंगी.  भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ शानदार अंदाज में की थी. टीम ने मुकाबला 94 रन से जीता था. हालांकि बड़े अंतर से जीत के बावजूद भारतीय बल्लेबाजी में कुछ कमियां नजर आई थीं.

शफाली ने संभाली पारी, मिडिल ऑर्डर लड़खड़ाया

थाईलैंड के खिलाफ शफाली वर्मा ने 64 रन की तेजतर्रार पारी खेली थी. भारत एक समय 10 ओवर में 101 रन पर सिर्फ दो विकेट गंवा चुका था, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और टीम 20 ओवर में 159 रन पर 9 विकेट तक ही पहुंच सकी. ऐसे में हांगकांग के खिलाफ टीम का फोकस बल्लेबाजी को और बेहतर करने पर रहेगा.

हांगकांग भी दे चुका है कड़ी टक्कर

हांगकांग की टीम को हल्के में लेना भारत के लिए सही नहीं होगा. उसने अपने शुरुआती मुकाबले में थाईलैंड को कड़ी टक्कर दी थी और महज 6 रन से मुकाबला गंवाया. ऐसे में हांगकांग की टीम भारत के खिलाफ उलटफेर करने की कोशिश करेगी.

पाकिस्तान से पहले मजबूत तैयारी का मौका

हांगकांग के बाद भारत को 5 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला खेलना है. ऐसे में हांगकांग के खिलाफ मैच भारतीय टीम के लिए अपनी रणनीति और बेंच स्ट्रेंथ को परखने का भी मौका है. टीम की नजर जीत के साथ-साथ पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले से पहले अपनी तैयारियों को मजबूत करने पर होगी.