इंदौर के एरोड्रम थाने में देर रात हंगामा: MLA गोलू शुक्ला के समर्थकों ने किया घेराव, चार पुलिसकर्मी हटाए
Indore News : विधायक गोलू शुक्ला के 400 से अधिक समर्थक थाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर शिकायत दर्ज कराने आए लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया।
Indore News : मध्य प्रदेश। इंदौर के एरोड्रम थाने में देर रात जमकर हंगामा हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं और मंडल उपाध्यक्ष के साथ मारपीट के आरोपों के बाद विधायक गोलू शुक्ला के 400 से ज्यादा समर्थक थाने पहुंच गए और घेराव कर विरोध जताया। मामले में पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से थाने से हटा दिया गया है। पूरे घटनाक्रम की जांच एसीपी मल्हारगंज को सौंपी गई है।
ये है पूरा मामला
दरअसल, जयदीप दुबे मारपीट की शिकायत लेकर एरोड्रम थाने पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। इसी दौरान स्पेशल क्राइम यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी की पहचान की। मेडिकल परीक्षण के बाद जब जयदीप थाने लौटे, तब उनके एक साथी और ड्यूटी अधिकारी के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

एसीपी करेंगे मामले की निष्पक्ष जांच
इसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए एक एएसआई, दो हेड कांस्टेबल और एक आरक्षक को थाने से हटा दिया गया। मामले की निष्पक्ष जांच एसीपी मल्हारगंज करेंगे।
MLA गोलू शुक्ला के समर्थक पहुंचे थाने
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक गोलू शुक्ला के 400 से अधिक समर्थक थाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर शिकायत दर्ज कराने आए लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। देर रात शुरू हुआ हंगामा सुबह पांच बजे तक चलता रहा।
पुलिस के मुताबिक, मारपीट और छेड़छाड़ से जुड़े मामले में बीएनएस की धाराओं 74, 115(2), 296 और 351 के तहत प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी की भूमिका की भी जांच जारी है।

