मैहर की 112 आंगनवाड़ियां बनीं डिजिटल, टीवी-वाटर फिल्टर और खेल सामग्री से हुईं सुसज्जित
आंगनवाड़ी में अब डिजिटल शिक्षा: मैहर के 112 केंद्रों में बच्चों को मिलेगी स्मार्ट लर्निंग से लेकर आधुनिक सुविधाएं
मैहर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देशन में जिले की आंगनवाड़ियों को आधुनिक और बच्चों के अनुकूल बनाने की पहल की गई है। जिले के 112 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों को डिजिटल सुविधाओं, स्वच्छ पेयजल और खेल सामग्री से सुसज्जित किया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को खेल-खेल में बेहतर शिक्षा और सीखने का माहौल उपलब्ध कराना है।

टीवी के जरिए मिलेगी डिजिटल शिक्षा
मैहर विकासखंड के 47, अमरपाटन के 27 और रामनगर के 38 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में 32 इंच की एलसीडी टीवी लगाई गई है। इन केंद्रों पर पेनड्राइव के माध्यम से कहानी, कार्टून, बाल गीत, मनोरंजक गतिविधियों और शैक्षणिक वीडियो उपलब्ध कराए गए हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रिमोट की मदद से बच्चों की उम्र और सीखने की क्षमता के अनुसार सामग्री दिखा सकेंगी।

स्वच्छ पानी और खेल सामग्री की सुविधा
बच्चों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सभी चयनित केंद्रों में वाटर फिल्टर लगाए गए हैं। साथ ही बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए झूला, फिसलपट्टी सहित बड़े आकार के खेल उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। इससे बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल और मनोरंजन का अवसर मिलेगा।

सीखने के प्रति बढ़ेगी रुचि
प्रशासन का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल पोषण आहार वितरण तक सीमित न रखकर शिक्षा, खेल, मनोरंजन और सीखने के आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित करना है। डिजिटल सामग्री और खेल उपकरणों के माध्यम से बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने और खेल-खेल में शिक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है।
Varsha Shrivastava 
