मैहर में बारिश के बीच त्रिपाल लगाकर हुआ अंतिम संस्कार, ग्रामीणों ने उठाई मुक्तिधाम की मांग

मैहर जिले के भड़रा गांव में बारिश के बीच त्रिपाल लगाकर 83 वर्षीय महिला का अंतिम संस्कार करना पड़ा। ग्रामीणों ने मुक्तिधाम और टीन शेड की मांग की।

मैहर में बारिश के बीच त्रिपाल लगाकर हुआ अंतिम संस्कार, ग्रामीणों ने उठाई मुक्तिधाम की मांग

मैहर। जिले के भड़रा गांव में बुनियादी सुविधाओं की कमी का मामला सामने आया है। यहां एक 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। गांव में अंतिम संस्कार स्थल पर टीन शेड या अन्य स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों को त्रिपाल लगाकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, भड़रा गांव निवासी विश्वकर्मा समाज की 83 वर्षीय महिला का तीन दिन पहले निधन हो गया था। परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार से जुड़ी प्रक्रिया की जा रही थी, तभी मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। खुले स्थान पर मौजूद लोगों के पास बारिश से बचने की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में ग्रामीणों ने त्रिपाल का सहारा लिया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की।

गांव में नहीं है मुक्तिधाम, खुले पहाड़ी क्षेत्र में अंतिम संस्कार की मजबूरी

ग्रामीणों का कहना है कि भड़रा गांव में अब तक व्यवस्थित मुक्तिधाम का निर्माण नहीं कराया गया है। इसके चलते गांव के लोगों को खुले पहाड़ी क्षेत्र में अंतिम संस्कार करना पड़ता है। गर्मी और बरसात के मौसम में यहां लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने इस घटना का वीडियो बनाकर प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर खींचने की कोशिश की है। उनकी मांग है कि गांव में जल्द मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही अंतिम संस्कार स्थल पर टीन शेड और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि भविष्य में किसी परिवार को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला पंचायत सीईओ ने दिया निर्माण का आश्वासन

मामले को लेकर जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत से चर्चा कर उपयुक्त स्थान पर दाह संस्कार के लिए मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद अब ग्रामीणों को स्थायी व्यवस्था होने की उम्मीद है।