Mamata Niece Suicide : फंदे से लटकी मिली ममता बनर्जी की भतीजी, शिक्षक भर्ती घोटाले में गई थी नौक

Mamata Niece Suicide : बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भतीजी ब्रिष्टी मुखर्जी मंगलवार को बीरभूम जिले के कुसुंबा गांव के घर में फंदे से लटकी मिलीं।

Mamata Niece Suicide : फंदे से लटकी मिली ममता बनर्जी की भतीजी, शिक्षक भर्ती घोटाले में गई थी नौक

Mamata Niece Brishti Mukherjee Suicide : कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भतीजी ब्रिष्टि मुखर्जी (Brishti Mukherjee Suicide) मंगलवार को बीरभूम जिले के कुसुंबा गांव स्थित अपने घर में मृत मिलीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। बृष्टि, ममता बनर्जी के चचेरे भाई और तृणमूल कांग्रेस नेता निहार मुखर्जी की बेटी थीं।

शिक्षक भर्ती मामले के बाद गई थी नौकरी

रिपोर्ट्स के अनुसार, ब्रिष्टि बोलपुर के एक उच्च प्राथमिक स्कूल में शिक्षक थीं। पश्चिम बंगाल के चर्चित शिक्षक भर्ती मामले में नियुक्तियों को लेकर हुई कानूनी कार्रवाई के बाद 2024 में उनकी नौकरी चली गई थी। इसके बाद उनके मानसिक तनाव में रहने की बात सामने आई है।

हाईकोर्ट ने रद्द की थीं 25,753 नियुक्तियां

पश्चिम बंगाल के शिक्षक भर्ती मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने 22 अप्रैल 2024 को 25,753 नियुक्तियां रद्द करने का आदेश दिया था। अदालत ने भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए यह फैसला सुनाया था। अदालत ने लंबे समय तक कथित तौर पर अवैध तरीके से नौकरी करने वाले लोगों से वेतन की वसूली का भी आदेश दिया था। 

2016 की भर्ती प्रक्रिया में लगे थे गंभीर आरोप

यह मामला पश्चिम बंगाल सरकार की 2016 की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा है। स्टेट लेवल सिलेक्शन टेस्ट के जरिए सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में शिक्षकों और नॉन-टीचिंग स्टाफ की भर्ती की गई थी। रिपोर्टों के अनुसार, करीब 24,640 पदों के लिए 23 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी। बाद में भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं और कथित पैसों के लेन-देन के आरोप सामने आए। 

पार्थ चटर्जी समेत कई लोग हुए गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान केंद्रीय जांच एजेंसियों ने पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, उनकी करीबी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी और स्कूल सेवा आयोग से जुड़े कुछ अधिकारियों को गिरफ्तार किया था। 

सुप्रीम कोर्ट ने दी थी कुछ कर्मचारियों को राहत

शिक्षक भर्ती मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 17 मार्च 2025 को बर्खास्त कर्मचारियों से जुड़े मामले पर आदेश दिया था। अदालत ने उन कर्मचारियों को नई चयन प्रक्रिया पूरी होने तक काम जारी रखने की अनुमति दी थी, जिनके नाम भर्ती में कथित गड़बड़ी से सीधे तौर पर जुड़े नहीं थे। 

ब्रिष्टि की मौत की जांच जारी

ब्रिष्टि मुखर्जी की मौत के बाद अब पुलिस उनकी व्यक्तिगत परिस्थितियों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या की आशंका शुरुआती जांच का हिस्सा है। मौत के कारण को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। मामले में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।