मन की बात 130: पीएम मोदी ने नए वोटरों को बधाई देने और मिठाई बांटने की अपील की
मन की बात के 130वें एपिसोड में पीएम मोदी ने मतदाता दिवस पर नए वोटरों को बधाई देने, स्टार्टअप और पर्यावरण संरक्षण पर संदेश दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 130वें एपिसोड में देशवासियों को मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मतदाता ही लोकतंत्र की असली ताकत होता है। पीएम ने लोगों से अपील की कि जब कोई युवा पहली बार वोटर बने, तो उसे बधाई दें और मिठाई बांटें।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर चल रहे 2016 की पुरानी तस्वीरें शेयर करने के ट्रेंड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीते 10 सालों में भारत में बहुत बदलाव आया है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। ऐसे-ऐसे स्टार्टअप सामने आए हैं, जिनकी कल्पना पहले करना भी मुश्किल था।
पीएम ने युवाओं की तारीफ करते हुए कहा कि जो युवा किसी स्टार्टअप से जुड़े हैं या नया स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं, वे देश का नाम आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने ऐसे सभी युवाओं को सलाम किया।
भारतीय उत्पादों को लेकर पीएम ने कहा कि हम सबका एक ही मंत्र होना चाहिए – क्वालिटी, क्वालिटी और क्वालिटी। इंडियन प्रोडक्ट का मतलब ही अच्छी गुणवत्ता बन जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्वालिटी के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
नए वोटर को बधाई देने की अपील
प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे जन्मदिन मनाया जाता है, वैसे ही जब कोई युवा पहली बार वोटर बने, तो गांव, मोहल्ले या शहर के लोग मिलकर उसे बधाई दें। इससे वोटिंग को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को वोट की अहमियत समझ में आएगी।
स्टार्टअप इंडिया पर क्या बोले पीएम
पीएम ने कहा कि आज भारत में AI, स्पेस, सेमीकंडक्टर, न्यूक्लियर एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, बायोटेक्नोलॉजी जैसे हर सेक्टर में भारतीय स्टार्टअप काम कर रहे हैं। हर क्षेत्र में युवा आगे बढ़ रहे हैं।
तमसा नदी और जल संरक्षण का जिक्र
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की तमसा नदी का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों ने मिलकर इस नदी को फिर से जीवन दिया है। यह नदी सिर्फ पानी का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। पहले प्रदूषण की वजह से नदी की हालत खराब हो गई थी, लेकिन जनभागीदारी से इसमें सुधार हुआ है।
इसी तरह आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में भी लोगों ने मिलकर 10 से ज्यादा जलाशयों को फिर से जीवित किया। वहां 7 हजार से ज्यादा पेड़ लगाए गए, जिससे पानी की समस्या कम हुई और हरियाली बढ़ी।
पर्यावरण के लिए काम करने वालों की सराहना
प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ बड़ी योजनाओं से नहीं होता, बल्कि छोटे प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने बेनॉय दास और मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के जगदीश प्रसाद अहिरवार की तारीफ की, जिन्होंने अपने स्तर पर पेड़ लगाए और पर्यावरण की रक्षा की।
पीएम ने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत देश में अब तक 200 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए जा चुके हैं। यह दिखाता है कि लोग अब पर्यावरण को लेकर ज्यादा जागरूक हो रहे हैं।
पीएम ने और क्या कहा
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारतीय त्योहार और संस्कृति पूरी दुनिया में पहचान बना रहे हैं। विदेशों में रहने वाले भारतीय भी अपनी भाषा और परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने मलेशिया के तमिल स्कूलों, गुजरात के चंदनकी गांव की कम्युनिटी किचन परंपरा, अरुणाचल प्रदेश और असम में युवाओं द्वारा सफाई और सामाजिक कामों की भी तारीफ की।
पीएम ने कहा कि जनभागीदारी और मिलकर काम करना ही देश की सबसे बड़ी ताकत है।
DRASHTI JAIN 
