मऊगंज के हनुमना सोलर प्लांट में उपकरण दुरुपयोग का आरोप
सोलर प्लांट में दूसरे विभागों के उपकरण मिलने पर FIR, JE निलंबित
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
जिले के हनुमना में स्थापित 2 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र में विद्युत विभाग की सामग्री के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की शिकायत पर हनुमना थाने में मेसर्स ओम एंटरप्राइजेज के विरुद्ध 3 जुलाई को आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया।

गठित जांच समिति की रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई
कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी जी.पी. पाण्डेय के अनुसार, रीवा के मुख्य अभियंता प्रवर्तन द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि सोलर प्लांट में स्थापित कुछ विद्युत उपकरणों पर मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का नाम और कंट्रोल केबल पर मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी का नाम अंकित था। वहीं एक वैक्यूम सर्किट ब्रेकर की नेम प्लेट पर क्रेता संबंधी जानकारी मिटी हुई पाई गई।

जांच के दौरान सीधी एसटीएम-एसटीसी संभाग में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता रंजीत कुमार साहू की प्रथम दृष्टया संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें पूर्व में ही निलंबित किया जा चुका है। प्लांट के विद्युत संयोजन व लाइन विस्तार का कार्य मेसर्स ओम एंटरप्राइजेज द्वारा किया गया था। इस फर्म की प्रोपराइटर ममता कुमारी, निलंबित जेई रंजीत कुमार साहू की पत्नी हैं।

कंपनी ने कहा जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही
कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि सामग्री और परिसंपत्तियों के दुरुपयोग के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और जांच के आधार पर आगे भी नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
इस विषय में एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक ने बताया कि विद्युत वितरण कंपनी के सहायक अभियंता द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया था।

इसमें बताया गया है कि ओम इंटरप्राइज का विद्युत वितरण कंपनी के साथ टाईअप था। ओम इंटरप्राइज ने कंपनी की सामग्री को निजी सौर ऊर्जा संयंत्र में उपयोग किया है। इस संबंध में धोखाधड़ी और जालसाजी का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। जैसे-जैसे जांच में तथ्य आएंगे, उसी के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
