होली पर मऊगंज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन कैमरे से निगरानी

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण अंचल के चिन्हित किए गए 27 स्थानों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। चिन्हित स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि सभी थाना क्षेत्रों में मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें लगातार भ्रमण करती रहेंगी।

होली पर मऊगंज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन कैमरे से निगरानी
google

मऊगंज थाना क्षेत्र में सात निश्चित प्वाइंट बनाए गए हैं, जिनमें सिंचाई कॉलोनी, चाक मोड़, बरहटा मोड़, पुराना बस स्टैंड, भाठी मोड़, घुरेहटा जेल मार्ग एवं पटेहरा बायपास शामिल हैं, तो हनुमना थाना क्षेत्र में सीधी मोड़, धर्मशाला परिसर, हनुमना मस्जिद के पास और शाहपुर मोड़ पर पुलिस बल तैनात रहेगा।

इसी तरह जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में सात स्थानों पर विशेष टीम तैनात रहेगी, जहां थाना क्षेत्र के कस्बा नईगढ़ी, भीर चौराहा, रामपुर तिराहा, खर्रा गांव, बंधवा मोड़, लालगंज तिराहा एवं बहुती तिराहा पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शाहपुर थाना क्षेत्र में पहाड़ी बाजार, बरांव गांव, गड़रा गांव, खटखरी बाजार और देवरा महादेवन पर पुलिस की तैनाती रहेगी।

लौर थाना क्षेत्र में सीतापुर बाजार, रामपुर बाजार, फुलहा गांव और कस्बा लौर पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह एवं एसडीओपी सचि पाठक के साथ अलग-अलग टीमें तैनात रहेंगी, जो संपूर्ण व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगी।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस की टीम प्रमुख चौराहों पर मुस्तैद रहेगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।