MP Board Exam 2026: 10वीं-12वीं की परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए CCTV और एप से निगरानी
एमपी बोर्ड ने 10वीं-12वीं की परीक्षाओं को नकलमुक्त बनाने के लिए सख्त व्यवस्था की है। 9 जिलों के 226 अतिसंवेदनशील केंद्रों पर CCTV से लाइव निगरानी होगी और प्रश्नपत्रों की ट्रैकिंग मोबाइल एप से की जाएगी।
मध्य प्रदेश में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षाओं को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए एमपी बोर्ड ने इस बार सख्त इंतजाम किए हैं। पहली बार प्रदेश के अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लाइव निगरानी की जाएगी।
एमपी बोर्ड ने प्रदेश के 9 जिलों में स्थित 226 अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों की पहचान की है। इन केंद्रों पर करीब 1000 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सभी कैमरों की लाइव फीड भोपाल में बनाए गए बोर्ड के कंट्रोल-कमांड सेंटर में देखी जाएगी। जिन जिलों में अतिसंवेदनशील केंद्र हैं, उनमें भोपाल, इंदौर, देवास, सागर, दमोह, रीवा, भिंड, मुरैना और ग्वालियर शामिल हैं।
इसके अलावा प्रदेश में 488 संवेदनशील परीक्षा केंद्र भी चिन्हित किए गए हैं। पूरे प्रदेश में कुल 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 16 लाख छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
एप से होगी प्रश्नपत्रों की निगरानी
एमपी बोर्ड ने परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एक अपग्रेडेड इंटरनल मोबाइल एप तैयार किया है। इस एप के जरिए प्रश्नपत्रों को थाने से परीक्षा केंद्र तक मिनट-टू-मिनट ट्रैक किया जाएगा।
प्रश्नपत्र लेने और केंद्र पर पहुंचाने के समय संबंधित अधिकारी को अपनी सेल्फी एप पर अपलोड करनी होगी। साथ ही प्रश्नपत्र पैकेट का नंबर भी एप में दर्ज किया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकी जा सके।
DRASHTI JAIN 
