रीवा में दिशा समिति की बैठक, जर्जर स्कूल और किसान सम्मान निधि समेत कई योजनाओं की समीक्षा

रीवा सांसद जनार्दन मिश्र की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक हुई। जर्जर स्कूल भवन, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन और पीएम आवास समेत कई योजनाओं की समीक्षा की गई।

रीवा में दिशा समिति की बैठक, जर्जर स्कूल और किसान सम्मान निधि समेत कई योजनाओं की समीक्षा

रीवा। कलेक्ट्रेट कार्यालय के मोहन सभाकक्ष में लोकसभा क्षेत्र रीवा के सांसद जनार्दन मिश्र की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में सांसद के साथ जिले के विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सौर ऊर्जा योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के प्रस्ताव, जल जीवन मिशन के तहत समूह एवं एकल नल-जल योजनाओं की प्रगति और ऊर्जा विभाग की आरडीएसएस योजना पर चर्चा की गई।

इसके अलावा उज्ज्वला योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रीय पोषण मिशन, जर्जर स्कूल भवनों के सुधार एवं नए भवनों के निर्माण, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना और डीएमएफ मद से कराए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।

सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि बैठक में विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की गई है। जिन कार्यों को लेकर दिशा-निर्देश तय किए गए हैं, उनकी प्रगति का ब्यौरा तीन महीने बाद होने वाली अगली बैठक में लिया जाएगा।

बैठक का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी करने के साथ लंबित कार्यों में तेजी लाना और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा।