GMH के नर्सरी वार्ड में लगी आग, बच्चो को गोद में उठाकर भागे परिजन

रीवा के गांधी स्मारक चिकित्सालय के NICU वार्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। डॉक्टरों और फायर टीम की मदद से 8 नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।

GMH के नर्सरी वार्ड में लगी आग, बच्चो को गोद में उठाकर भागे परिजन
पब्लिकवाणी

रीवा के गांधी स्मारक चिकित्सालय में गुरूवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल के शिशु रोग विभाग के NICU वार्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आग लगते ही वार्ड में धुआं भर गया और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घबराए हुए माता-पिता अपने नवजात बच्चों को गोद में लेकर नीचे की ओर भागते नजर आए।

बताया जा रहा है कि NICU वार्ड के एक स्विच बोर्ड से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं, जिसके बाद धुआं फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के डॉक्टर, सुरक्षाकर्मी और फायर टीम मौके पर पहुंची और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। वार्ड में भर्ती सभी 8 नवजात शिशुओं को समय रहते सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि घटना के बाद परिजनों में अस्पताल प्रबंधन को लेकर नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।