सतना: पेशी पर आए नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी पर हमला करने की कोशिश

सतना कोर्ट में एक आरोपी को पेशी के लिए लाया गया था, तभी मामले के पीड़ित पक्ष के लोगों ने उस पर हमला करने की कोशिश की, जिससे वहां हंगामा मच गया।

सतना: पेशी पर आए नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी पर हमला करने की कोशिश

सतना। गुरुवार दोपहर सतना जिला कोर्ट में अचानक हंगामा मच गया। दरअसल पेशी के लिए जैसे ही एक बड़े अपराध के आरोपी को कोर्ट लाया गया, पीड़ित पक्ष के लोग गुस्से में आ गए और पूरे कोर्ट कैम्पस माहौल बिगड़ गया।

कोलगवां थाना पुलिस नाबालिग से गलत काम, जान से मारने की कोशिश और फायरिंग जैसे मामलों में पकड़े गए आरोपी शुभम पाल को कोर्ट में पेश करने लाई थी। आरोपी काफी समय से फरार था और उस पर 10 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।

बताया जा रहा है कि पुलिस की गाड़ी जैसे ही कोर्ट परिसर में रुकी, पहले से मौजूद पीड़ित पक्ष के कुछ लोग आगे बढ़ आए। उन्होंने पहले आरोपी के भाई के साथ मारपीट की और फिर शुभम पाल पर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी हुई।

हैरानी की बात यह रही कि उस समय कोर्ट परिसर में सुरक्षा के खास इंतजाम नजर नहीं आए। हालात बिगड़ते देख वहां मौजूद कुछ वकीलों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद पुलिस किसी तरह आरोपी को सुरक्षित कोर्ट के अंदर ले जा सकी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पर हमला करने की कोशिश के मामले में अलग से केस दर्ज किया गया है। हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द कार्रवाई होगी। घटना के बाद कुछ समय तक कोर्ट परिसर में तनाव बना रहा। इस घटना से कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए।