सीहोर में मूंग खरीदी को लेकर किसानों का महाआंदोलन, 100% खरीदी की मांग पर इंदौर-भोपाल हाईवे जाम
सीहोर के भेरूंदा में 100% मूंग खरीदी की मांग को लेकर हजारों किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली। कलेक्टर के मौके पर नहीं पहुंचने पर किसानों ने इंदौर-भोपाल हाईवे पर धरना दिया, जिससे लंबा जाम लग गया।
सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भेरूंदा में मूंग खरीदी को लेकर किसानों का आंदोलन मंगलवार को उग्र हो गया। प्रदेश सरकार की 25 प्रतिशत मूंग खरीदी नीति के विरोध में किसान स्वराज संगठन के बैनर तले हजारों किसान ट्रैक्टरों के साथ सड़कों पर उतर आए। किसानों ने कृषि उपज मंडी से विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली, जिसने मुख्य मार्ग पर करीब चार किलोमीटर लंबा काफिला बना दिया। रैली के कारण क्षेत्र में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगा लंबा जाम
ट्रैक्टर रैली दुर्गा मंदिर पहुंचने के बाद किसानों ने धरना शुरू कर दिया। आंदोलनकारियों का कहना था कि वे अपना ज्ञापन केवल सीहोर कलेक्टर को ही सौंपेंगे। जब कलेक्टर मौके पर नहीं पहुंचे तो किसानों ने धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया और इंदौर-भोपाल हाईवे पर डटे रहे। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और बसों सहित कई छोटे-बड़े वाहन घंटों तक फंसे रहे। यात्रियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
धरना स्थल पर किसानों ने लंबे आंदोलन की तैयारी भी कर ली। प्रदर्शनकारी अपने साथ राशन और जरूरी सामान लेकर पहुंचे थे। किसानों ने सड़क किनारे ही चाय बनाई और बाटियां सेककर भोजन की व्यवस्था की। उनका कहना है कि जब तक सीहोर कलेक्टर स्वयं मौके पर आकर ज्ञापन स्वीकार नहीं करेंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
100 प्रतिशत मूंग खरीदे सरकार: किसान
किसानों की प्रमुख मांग है कि प्रदेश सरकार 25 प्रतिशत के बजाय 100 प्रतिशत मूंग की खरीदी सुनिश्चित करे। उनका आरोप है कि सीमित खरीदी की नीति से बड़ी संख्या में किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी होगी और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
आंदोलन के दौरान प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर तैनात रही। अधिकारियों ने किसानों से लगातार बातचीत कर धरना समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। देर शाम तक हाईवे पर धरना जारी रहा और प्रशासन आंदोलनकारियों से समाधान निकालने के प्रयास में जुटा रहा।

