Sidhi में बारिश के बीच छत्रसाल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का छज्जा धराशाई, बड़ा हादसा टला

जर्जर भवनों पर प्रशासन की अनदेखी जारी, रामपुर नैकिन के बाद सीधी शहर में गिरा कॉम्प्लेक्स का हिस्सा

Sidhi में बारिश के बीच छत्रसाल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का छज्जा धराशाई, बड़ा हादसा टला

सीधी से दीपक मिश्रा की रिपोर्ट। 

Sidhi। जिले में जर्जर भवनों को लेकर प्रशासनिक लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। मंगलवार की सुबह जिला मुख्यालय स्थित छत्रसाल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में संचालित करीब आधा दर्जन दुकानों का छज्जा बारिश के बीच अचानक धराशाई हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय दुकानों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आए दिन प्लास्टर गिरने जैसी घटनाएं सामने आई

जानकारी के अनुसार, छत्रसाल स्टेडियम के पास स्थित इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण साल 1998 में कराया गया था, जबकि इसका लोकार्पण साल 2001 में हुआ था। लंबे समय से भवन के रखरखाव और मरम्मत कार्य नहीं होने के कारण इसकी स्थिति खराब होती जा रही थी। व्यापारियों द्वारा कई बार नगर पालिका प्रशासन से मरम्मत की मांग की गई, लेकिन समय रहते ध्यान नहीं दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार कॉम्प्लेक्स में आए दिन प्लास्टर गिरने जैसी घटनाएं सामने आती रही थीं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए। मंगलवार को छज्जा गिरने की सूचना मिलने के बाद नगर पालिका सीएमओ महमूद हसन, वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद रजनीश श्रीवास्तव सहित नगर पालिका का अमला मौके पर पहुंचा। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से गिरे हुए मलबे को हटाया गया।

रामपुर नैकिन में जर्जर भवन गिरने से 2 युवकों की मौत

गौरतलब है कि इससे पहले रामपुर नैकिन में जर्जर भवन गिरने से दो युवकों की मौत हो चुकी है। इसके बाद भी शहर में जर्जर घोषित भवनों को लेकर प्रशासन की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। बताया जा रहा है कि सीधी शहर में एक दर्जन से अधिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और आवासीय कॉलोनियों को जर्जर घोषित किया जा चुका है, लेकिन उनकी मरम्मत या सुरक्षित व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

नगर पालिका सीएमओ ने मौके पर पहुंचकर जल्द आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की बात कही है। अब देखना होगा कि प्रशासन जर्जर भवनों को लेकर कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।