इंदौर से ग्वालियर जा रही बस में आग लगने से 4 साल का मासूम जिंदा जला

इंदौर से ग्वालियर जा रही बस में आग लगने से 4 साल का मासूम जिंदा जला, ड्राइवर-कंडक्टर फरार

इंदौर से ग्वालियर जा रही बस में आग लगने से 4 साल का मासूम जिंदा जला

मध्यप्रदेश के शाजापुर के मक्सी थाना क्षेत्र में बस में आग लगने से चार साल का बच्चा जिंदा जल गया। इंदौर से ग्वालियर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस बस (MP-07JL9090) में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। हादसे में शिवपुरी निवासी एक मासूम बच्चा जिंदा जल गया।

बस में 50 यात्री थे सवार

आग लगने के बाद बस से ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए। बस में कुल 50 यात्री सवार थे। यात्रियों का कहना था कि सफर के दौरान बस में से लगातार वायरिंग जलने की बदबू आ रही थी, जिसकी शिकायत वाहन चालक को की गई लेकिन उसने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। बस जैसे ही नेशनल हाईवे पर स्थित होटल जैन पथ पर रुकी तो कुछ ही मिनटों बाद बस में से धुंआ उठने लगा। देखते ही देखते बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई।

मची-अफरा तफरी

जैसे ही बस में आग लगी अफरा तफरी और यात्रियों में चीख- पुकार मच गई। यात्रियों का आरोप है कि बस में ना तो कोई आपातकालीन खिड़की थी और ना ही कोई आग बुझाने का यंत्र मौजूद था। बस का मुख्य दरवाजा भी नहीं खुल रहा था। लोगों ने बस के कांच और खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाला। अफरा तफरी के बीच ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। आग इतनी भीषण थी कि अधिकतर यात्रियों का सामान जलकर खाक हो गया।

फरार ड्राइवर- कंडक्टर की तलाश

घटना की जानकारी लगते ही मक्सी तराना और शाजापुर से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी रामचरण भदोरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल शाजापुर भेज दिया गया है। फरार ड्राइवर और कंडक्टर की तलाश जारी है।