नव निर्मित अटल भवन में कैफेटेरिया और निगम की संपत्तियों को किराए पर देने के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास
भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक में अटल भवन में कैफेटेरिया, इंडियन हाउस सहित विभिन्न निगम संपत्तियों को किराए पर देने के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुए। वहीं सोन चिरैया हॉकर्स कॉर्नर के प्रस्ताव पर पुनः विचार किया जाएगा।
भोपाल। नगर निगम परिषद की बैठक में बुधवार को शहर की विभिन्न निगम संपत्तियों के उपयोग और आवंटन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक में नव निर्मित अटल भवन में कैफेटेरिया शुरू करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

इसके अलावा इंडियन हाउस को दो वर्ष की अवधि के लिए किराए पर देने पर भी सहमति बनी। न्यू मार्केट स्थित जनसंपर्क कार्यालय, स्मार्ट सिटी कार्यालय के कुछ हिस्सों, मनीषा मार्केट शाहपुरा स्थित बिल्डिंग परमिशन शाखा, आईएसबीटी स्थित रिक्त कार्यालय तथा माता मंदिर स्थित हर्षवर्धन कॉम्पलेक्स के रिक्त कार्यालयों को मासिक किराए पर देने के प्रस्ताव पर भी परिषद ने सहमति जताई।
वार्ड क्रमांक-31 के नवीन मुख्यालय भवन के सर्विस ब्लॉक के आवंटन का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पास किया गया। निगम की रिक्त संपत्तियों के बेहतर उपयोग और उनसे राजस्व प्राप्त करने के उद्देश्य से इन प्रस्तावों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं, सोन चिरैया हॉकर्स कॉर्नर से जुड़े प्रस्ताव पर परिषद ने पुनः विचार करने का निर्णय लिया। इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय नहीं हो सका और इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
बैठक में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद निगम परिषद की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

