MP में GAD ने कर्मचारियों के पदोन्नति के आदेश किए जारी
MP में GAD ने कर्मचारियों के पदोन्नति के आदेश किए जारी 463 सहायक ग्रेड-2 और 3 के कर्मचारी शामिल
भोपाल: मध्य प्रदेश में सरकार के निर्देश के बाद प्रमोशन का दौर जारी है। विधानसभा सचिवालय के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने कर्मचारियों के प्रमोशन के आदेश जारी कर दिए हैं। कुल 463 कर्मचारियों की लिस्ट जारी की गई है इनमें सहायक ग्रेड-2 और ग्रेड-3 के कर्मचारी और अधिकारी शामिल हैं। इसके पहले एक जुलाई को विधानसभा सचिवालय ने 12 कर्मचारियों और अधिकारियों के प्रमोशन के आदेश जारी किए थे।
वर्तमान विभाग में ही किए गए प्रमोट
सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से जारी आदेश में सहायक ग्रेड-3 के 301 कर्मचारियों, जबकि सहायक ग्रेड-2 के 162 कर्मचारियों को प्रमोट किया गया है। साथ ही आदेश में कहा गया है कि जिन कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है, वे जहां पर पदस्थ हैं, उसी विभाग में उच्च पद पर काम करेंगे। जिन कर्मचारियों की पदोन्नति की गई है, वे आने वाली 6 जुलाई यानि सोमवार से नए पद पर कार्यभार संभालेंगे।
GAD के जरिए तय होती है कर्मचारियों के लिए नीति
मध्य प्रदेश के कर्मचारियों के लिए नीति सामान्य विभाग के जरिए ही तय होती है। सामान्य विभाग से पहले एक जुलाई को विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों का प्रमोशन किया गया था। ऐसे में सामान्य विभाग के कर्मचारियों के प्रमोशन के बाद बताया जा रहा है कि जल्द ही दूसरे विभागों में भी प्रमोशन की लिस्ट जल्द ही जारी हो सकती है।

