इंदौर में फायर सेफ्टी पर प्रशासन सख्त, नियमों की अनदेखी करने पर सील की गई कई बिल्डिंग
इंदौर में फायर सेफ्टी को लेकर जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम घनश्याम धनगर और उनकी टीम ने किया।
इंदौर में फायर सेफ्टी को लेकर जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर शहर के प्रमुख इलाकों में जी प्लस 3 बिल्डिंग्स की जांच की गई, जहां नियमों का पालन न करने पर कई इमारतों को सील कर दिया गया।

जिला प्रशासन की इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम घनश्याम धनगर और उनकी टीम ने किया। टीम ने भंवरकुआं, गीता भवन, पलासिया समेत अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान पाया गया कि कई बिल्डिंग संचालकों ने फायर सेफ्टी के जरूरी इंतजाम नहीं किए थे। इसके चलते आधा दर्जन से अधिक इमारतों को सील कर दिया गया। जिन बिल्डिंग्स में जांच हुई वहां सैकड़ों दुकानें, ऑफिस, वाहन और फर्नीचर शोरूम संचालित हो रहे थे।

गौरतलब है कि इससे पहले भी जिला प्रशासन ने फायर सेफ्टी को लेकर कार्रवाई की थी, जिसके बाद कई भवन मालिकों ने जरूरी उपकरण लगवाए थे। लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद कुछ संचालकों ने नियमों की अनदेखी जारी रखी। इसी लापरवाही को देखते हुए प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कदम उठाते हुए सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया है। वहीं, इस कार्रवाई से प्रशासन ने साफ कर दिया है कि फायर सेफ्टी नियमों से समझौता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
Varsha Shrivastava 
