मध्यप्रदेश में 123 नगर परिषदों के लिए एल्डरमैन की पहली सूची जारी
मख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश के 169 नगरीय निकायों में नव-नियुक्त एल्डरमैन साथियों को शुभकामनाएं दी।
मध्यप्रदेश सरकार ने रविवार को प्रदेश की 123 नगर परिषदों में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की पहली सूची जारी की है। मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास विभाग की अधिसूचना के अनुसार, इन नियुक्तियों का आदेश मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 19 (1) (ग) के तहत दिया गया है।
प्रत्येक नगर परिषद में अधिकतम 4 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। नवनियुक्त पार्षदों का कार्यकाल वर्तमान परिषद के कार्यकाल के साथ समाप्त होगा या आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा। प्रदेश के बड़े शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक सभी नगर परिषदों में इस नियुक्ति का क्रमानुसार पालन किया गया है।
हालांकि, चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र की कुछ नगर परिषदों में एल्डरमैन की सूची फिलहाल होल्ड पर रखी गई है। इसकी वजह उन निकायों में नामों को लेकर सहमति न बन पाना बताया गया है।
इन परिषदों की जारी की गई सूची
जारी सूची में सागर, रीवा, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, कटनी, डिंडोरी, नरसिंहपुर, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, देवास, रतलाम, मंदसौर और नीमच जैसी नगर परिषदें शामिल हैं।
भाजपा संगठन के कई दौर के मंथन के बाद यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक नगर परिषद में 4-4 एल्डरमैन नियुक्त किए जाएंगे। इससे नगर निकायों के प्रशासनिक ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय विकास के कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी।
नवनियुक्त एल्डरमैन अब नगर परिषदों में अपने योगदान के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों के कामकाज में सक्रिय भागीदारी करेंगे। मख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश के 169 नगरीय निकायों में नव-नियुक्त एल्डरमैन साथियों को शुभकामनाएं दी है।
मध्यप्रदेश के 169 नगरीय निकायों में नव-नियुक्त एल्डरमैन साथियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आप सभी को शहरों के समग्र विकास, सुशासन और जन-भागीदारी को बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 29, 2026
मुझे विश्वास है कि ‘विकसित मध्यप्रदेश-विकसित भारत’ के संकल्प के साथ आप सभी अपनी…
Varsha Shrivastava 
