भोपाल: बाणगंगा की झुग्गी बस्ती पर हटाए जाने का खतरा, पीसी शर्मा का सरकार पर हमला

भोपाल के बाणगंगा क्षेत्र में पिछले करीब 30 वर्षों से रह रहे झुग्गीवासियों पर बेदखली का खतरा मंडराने लगा है. नगर निगम क्षेत्र में बने मकानों का सर्वे कराए जाने से स्थानीय लोगों में चिंता और असमंजस का माहौल है.

भोपाल: बाणगंगा की झुग्गी बस्ती पर हटाए जाने का खतरा, पीसी शर्मा का सरकार पर हमला

भोपाल के बाणगंगा क्षेत्र में पिछले करीब 30 वर्षों से रह रहे झुग्गीवासियों पर बेदखली का खतरा मंडराने लगा है. नगर निगम क्षेत्र में बने मकानों का सर्वे कराए जाने से स्थानीय लोगों में चिंता और असमंजस का माहौल है. झुग्गीवासियों को आशंका है कि इस सर्वे की आड़ में उन्हें उनके आशियानों से हटाया जा सकता है.

इस पूरे मामले पर पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने कड़ा ऐतराज जताया है. उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले भीमनगर और अब बाणगंगा के गरीब और मजदूर तबके को उजाड़ने की तैयारी की जा रही है. पीसी शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि यह सर्वे सिर्फ एक छलावा है और इसका मकसद झुग्गीवासियों को हटाना है.

उन्होंने कहा कि बाणगंगा के लोग तीन दशकों से यहां रह रहे हैं, उनके पास बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं हैं. और ऐसे में उन्हें हटाना गलत है. पीसी शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि झुग्गीवासियों को उनके मकानों की रजिस्ट्री नहीं दी गई, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी.

पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को लेकर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा. उन्होंने सरकार से मांग की कि झुग्गीवासियों को स्थायी समाधान दिया जाए और उन्हें बेघर करने की किसी भी कोशिश को तुरंत रोका जाए.

फिलहाल नगर निगम के सर्वे को लेकर स्थिति साफ नहीं है, लेकिन बाणगंगा के निवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और सरकार झुग्गीवासियों को कोई राहत देती है या नहीं.