देवतालाब में दो नई सड़कों का भूमिपूजन, विधायक गिरीश गौतम बोले- शिवलोक विकास को मिलेगी नई रफ्तार

मऊगंज के देवतालाब क्षेत्र में विधायक गिरीश गौतम ने गनिगवां और करह मार्ग निर्माण का भूमिपूजन किया। नई सड़कों से शिवलोक परियोजना को गति मिलेगी और हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

देवतालाब में दो नई सड़कों का भूमिपूजन, विधायक गिरीश गौतम बोले- शिवलोक विकास को मिलेगी नई रफ्तार

 राजेंद्र पयासी: मऊगंज जिले के देवतालाब विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में रविवार को दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नईगढ़ी रोड से गनिगवां तक बनने वाली सड़क तथा बहुती-हनुमना मुख्य मार्ग से करह (खैरागढ़) तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

विधायक गिरीश गौतम ने कहा कि देवतालाब को 'शिवलोक' के रूप में विकसित करने की सरकार की योजना को इन सड़कों से नई गति मिलेगी। उनका कहना था कि नई बाईपास सड़क बनने से मंदिर क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

शिवलोक परियोजना को मिलेगा बड़ा लाभ

गौतम ने बताया कि नईगढ़ी रोड से गनिगवां तक बनने वाला मार्ग देवतालाब कॉरिडोर की महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। इससे रीवा-नईगढ़ी मार्ग का यातायात अलग होगा और मंदिर परिसर में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेले और धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में वाहन मंदिर तक पहुंच जाते हैं, जिससे अव्यवस्था पैदा होती है। नई सड़क बनने के बाद इस समस्या का समाधान होगा।

उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिवलोक परियोजना पूरी होने पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवतालाब आएंगे, इसलिए बेहतर सड़क नेटवर्क आवश्यक है।

40 साल पुरानी मांग होगी पूरी

विधायक ने बताया कि इस सड़क की नींव करीब 40 वर्ष पहले वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय नरहरि प्रताप सिंह ने अपनी भूमि देकर रखी थी। उस समय मार्ग का मुर्मीकरण कराया गया था, लेकिन पक्की सड़क का सपना अधूरा रह गया था। अब सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों ने इसे स्वर्गीय नरहरि प्रताप सिंह के सपने का साकार होना बताया।

करह गांव को पहली बार मिलेगी पक्की सड़क

नईगढ़ी जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत करह उर्फ खैरागढ़ के लिए भी रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। बहुती-हनुमना मुख्य मार्ग से करह तक करीब 17 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण का भूमिपूजन किया गया। आजादी के बाद पहली बार गांव तक पक्की सड़क पहुंचेगी।

गिरीश गौतम ने कहा कि बरसात के दिनों में कीचड़ और खराब रास्तों के कारण बच्चों, किसानों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नई सड़क बनने से यह समस्या समाप्त होगी और करह सहित आसपास के करीब एक दर्जन गांवों की 5 हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों के लिए फसल मंडियों तक पहुंचना और मरीजों को अस्पताल ले जाना भी आसान होगा।

विकास कार्यों को बताया सरकार की प्राथमिकता

सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि नईगढ़ी क्षेत्र में आईटीआई भवन, बड़े पुल और कई सड़क परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। सरकार की प्राथमिकता हर गांव तक बेहतर सड़क और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

भूमिपूजन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए विधायक गिरीश गौतम का आभार व्यक्त किया।