राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला, SC का तत्काल सुनवाई से इनकार
राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: आरोपियों के बैंक खाते खंगाल रही पुलिस, आज कोर्ट में होगी पेशी, आरोपियों की पैरवी नहीं करेंगे अयोध्या के वकील
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। सोमवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार 8 आरोपियों के बैंक खातों की जांच शुरू की। इसके लिए पुलिस टीम अयोध्या धाम स्थित एसबीआई शाखा पहुंची, जहां स7 आरोपियों के खाते होने की जानकारी मिली। पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट हासिल कर यह पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की है कि मंदिर में नौकरी मिलने के बाद उनके खातों में कितनी राशि जमा हुई और उसका स्रोत क्या था। सभी 8 आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उनसे आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग कर सकती है।
सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार
मामला अब सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच गया है। अधिवक्ता अनूप अवस्थी ने इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए याचिका दाखिल की थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए कहा कि मामले में इतनी जल्दबाजी की आवश्यकता नहीं है। अदालत ने स्पष्ट किया कि नियमित प्रक्रिया के तहत छुट्टियों के बाद याचिका पर सुनवाई की जाएगी।
आरोपियों की पैरवी नहीं करेंगे अयोध्या के वकील
इधर, अयोध्या के वकीलों की बैठक में फैसला लिया गया कि चढ़ावा चोरी मामले के आरोपियों की पैरवी कोई भी स्थानीय वकील नहीं करेगा। बैठक में कुछ ट्रस्ट पदाधिकारियों से अयोध्या छोड़ने की मांग भी की गई और ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
SIT की रिपोर्ट पर 8 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
बता दें, यह मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। इसके बाद 13 जून को उत्तर प्रदेश सरकार ने एसआईटी का गठन किया। एसआईटी ने 23 जून को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसके आधार पर 25 जून को एफआईआर दर्ज हुई और 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की छापेमारी में आरोपियों के घरों से नकदी, आभूषण, निवेश से जुड़े दस्तावेज और एक डायरी भी बरामद हुई है। पुलिस का मानना है कि इन दस्तावेजों से जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
Varsha Shrivastava 
