पैरा एशियन गेम्स में भारत को मिला 5वां गोल्ड: दीप्ति जीवनजी ने जीता सोना, 23 मेडल के साथ मेडल टैली में 6वें स्थान पर भारत

Para Asian Games 2026: 5 गोल्ड समेत भारत की झोली में 23 मेडल, दीप्ति जीवनजी ने 400 मीटर दौड़ में बनाया गेम्स रिकॉर्ड; जैवलिन, पावरलिफ्टिंग और टेबल टेनिस में भी चमके खिलाड़ी

पैरा एशियन गेम्स में भारत को मिला 5वां गोल्ड: दीप्ति जीवनजी ने जीता सोना, 23 मेडल के साथ मेडल टैली में 6वें स्थान पर भारत

नागोया में चल रहे पैरा एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय एथलीट दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर टी20 दौड़ में विमेंस कैटेगरी में जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

इसी के साथ दीप्ति ने 56.36 सेकेंड में रेस पूरी कर नया रिकॉर्ड भी बनाया है। नागोया में चल रहे इस टूर्नामेंट में यह भारत का पांचवां गोल्ड मेडल है। भारत अब तक 5 गोल्ड, 8 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज सहित कुल 23 मेडल जीत चुका है और मेडल टैली में छठे स्थान पर है।

दीप्ति जीवनजी का लगातार दूसरा गोल्ड

तेलंगाना की 23 साल की एथलीट दीप्ति जीवनजी ने 400 मीटर टी20 स्पर्धा में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने 2022 में 56.59 सेकेंड के टाइमिंग के साथ स्वर्ण पदक जीता था। इस बार उन्होंने अपने प्रदर्शन में 0.23 सेकेंड का सुधार किया और नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया।

जापान की नीना कानो ने सिल्वर और अकारी काटो ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। दीप्ति इससे पहले पैरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी दो मेडल जीत चुकी हैं। उन्होंने 2024 में गोल्ड मेडल हासिल किया था और इसी स्पर्धा में पैरालिंपिक ब्रॉन्ज मेडल भी जीत चुकी हैं।

मनीष नरवाल को शूटिंग में सिल्वर

भारतीय निशानेबाज मनीष नरवाल ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने फाइनल में 233.7 अंक हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने 2028 लॉस एंजिलिस पैरालिंपिक्स के लिए कोटा भी हासिल किया।

दक्षिण कोरिया के जो जोंगडू ने 241.3 अंक के साथ एशियन पैरा गेम्स का रिकॉर्ड बनाया और गोल्ड मेडल जीता। चीन के यांग चाओ ने 213.6 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। मनीष से पहले मोना अग्रवाल और अवनी लेखरा भी पैरालिंपिक्स कोटा हासिल कर चुकी हैं।

जैवलिन थ्रो में भारत को दो मेडल

पुरुषों की जैवलिन थ्रो F53/54 स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों ने दो मेडल जीते। प्रदीप कुमार ने 27.45 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। उन्होंने लगातार दूसरी बार इस स्पर्धा में रजत पदक जीता।

वहीं, आयुष वर्मा ने 17.88 मीटर के थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्हें रजा पॉइंट्स के आधार पर पदक मिला। ईरान के एरफान बंडोरी ने 30.24 मीटर के गेम्स रिकॉर्ड थ्रो के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

पैरा पावरलिफ्टिंग में अशोक को रजत

पैरा पावरलिफ्टिंग की पुरुषों की 65 किलोग्राम तक की स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ी अशोक ने सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास में 192 किलोग्राम वजन उठाया। चीन के झोउ यी ने 216 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड जीता, जबकि भारत के मार्गोनो ने 177 किलोग्राम के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

पैरा टेबल टेनिस में चार ब्रॉन्ज मेडल

भारतीय खिलाड़ियों ने पैरा टेबल टेनिस में भी शानदार प्रदर्शन किया। रवि बेबी साहना, प्राची पांडे, भाविना पटेल और सोनलबेन पटेल ने ब्रॉन्ज मेडल जीते। रवि बेबी साहना और प्राची पांडे एशियन पैरा गेम्स की स्टैंडिंग कैटेगरी में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी बने।

चारों खिलाड़ी अपने-अपने महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में पैरालिंपिक मेडल विजेताओं से हार गईं। इसके बावजूद उन्होंने कांस्य पदक हासिल किए। इन चार मेडल के साथ भारत ने पैरा टेबल टेनिस में पिछले संस्करण के दो ब्रॉन्ज मेडल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।