लोकायुक्त की सख्त कार्रवाई: रिश्वत लेते ट्रैप हुआ चौकी प्रभारी का ड्राइवर, मामला दर्ज

रीवा में लोकायुक्त टीम ने चौकी प्रभारी के कहने पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते उसके चालक को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

लोकायुक्त की सख्त कार्रवाई: रिश्वत लेते ट्रैप हुआ चौकी प्रभारी का ड्राइवर, मामला दर्ज

रीवा में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एक बार फिर रीवा संभाग में लोकायुक्त टीम ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई की है।

क्या है पूरा मामला?

ग्राम चचाई, तहसील सेमरिया के रहने वाले 60 वर्षीय शिवकुमार कोल ने 18 फरवरी 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र पुष्पेंद्र कोल के खिलाफ मारपीट और गलत काम की शिकायत चचाई चौकी में की गई थी शिकायत के मुताबिक, चौकी प्रभारी ने मामले में समझौता कराने के बदले 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

जांच में सही पाई गई शिकायत

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन कराया गया। जांच में रिश्वत की मांग सही पाई गई। इसके बाद 20 फरवरी को ट्रैप टीम बनाई गई।

ऐसे हुई ट्रैप कार्रवाई

रामपाल दाहिया सहायक उपनिरीक्षक, 7चौकी प्रभारी ने अपने वाहन चालक अंकुर कुमार (कुशवाहा) को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेने के लिए भेजा। जैसे ही आरोपी चालक ने 30,000 रुपये की रिश्वत ली, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। घटना चचाई मोड़ स्थित मोहम्मद इस्लाम के घर के चौगान में हुई।

केस दर्ज

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार ने किया। टीम में निरीक्षक उपेंद्र दुबे सहित 12 सदस्य और दो स्वतंत्र शासकीय गवाह शामिल थे।

लोकायुक्त की अपील

लोकायुक्त संगठन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करे तो तुरंत लोकायुक्त रीवा के मोबाइल नंबर 98936 07619 पर संपर्क करें।