मऊगंज: नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ अभिनंदन, तीन दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम संपन्न
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, अनुशासन और करियर मार्गदर्शन से रूबरू हुए नवप्रवेशित विद्यार्थी, अभिभावक सहभागिता पर विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मंत्र
मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय मऊगंज में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रवेश उत्सव कार्यक्रम शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के साथ महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और करियर की संभावनाओं से रूबरू कराना था।
समापन समारोह की अध्यक्षता संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. पी.के.पी. त्रिपाठी ने की। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. अनवर खान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की बारीकियों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने बहुविषयक शिक्षा पद्धति, मेजर-माइनर और एमडीसी विषय चयन की व्यवस्था, कौशल आधारित शिक्षा और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। प्रो. खान ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, बेहतर समय प्रबंधन और महाविद्यालय की सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।

समापन दिवस विशेषज्ञ सत्रों से भरपूर रहा। डॉ. विवेक कुमार सिंह ने अध्ययन कार्य में सहायता हेतु मार्गदर्शन विषय पर बोलते हुए प्रभावी नोट्स बनाने, परीक्षा की रणनीति, नियमित अभ्यास और लक्ष्य निर्धारण जैसे व्यावहारिक टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतें ही बड़ी सफलता की नींव रखती हैं। वहीं डॉ. सुनील कुमार पाण्डेय ने अभिभावक सहभागिता और संपर्क व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास के लिए महाविद्यालय, शिक्षक और अभिभावक के बीच निरंतर संवाद जरूरी है। अभिभावकों को भी महाविद्यालय की गतिविधियों से जुड़े रहना चाहिए।
कार्यक्रम का गरिमामय संचालन डॉ. अवनीश सिंह ने किया। इस अवसर पर अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर सिंह, प्रो. राजपाल यादव, डॉ. राजेंद्र प्रसाद सेन, डॉ. सुधाकर देव, डॉ. आशीष सोहगौरा, डॉ. योगेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. विभा सिंह, डॉ. संजय मिश्र , विभूतिभूषण सिंह सहित महाविद्यालय परिवार के सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी कर कार्यक्रम को सफल बनाया। तीन दिन चले इस आयोजन में विद्यार्थियों को लाइब्रेरी, एनएसएस, एनसीसी, खेल और छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे वे अपने कॉलेज जीवन की शुरुआत आत्मविश्वास के साथ कर सकें।
Varsha Shrivastava 
