मऊगंज में गूंजा विकसित भारत का संकल्प: सेवा ज्योति यात्रा के साथ निकला जन-सैलाब
एक मशाल से जली देवतालाब-मऊगंज की सेवा ज्योति: पीएम मोदी के उद्बोधन से हुई शुरुआत, भारत माता के जयकारों के साथ निकली यात्रा
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
सेवा संकल्प अभियान के तहत देशभर के साथ मऊगंज जिले में भी सेवा ज्योति संकल्प यात्रा अंतर्गत विकसित भारत संकल्प सभा का भव्य आयोजन हुआ। इसका जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पीएमश्री शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों का जन-सैलाब उमड़ा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल उद्बोधन से हुआ, जिसे पूरे देश के साथ मऊगंज के लोगों ने भी एक साथ सुना। पीएम के उद्बोधन के बाद मंचासीन अतिथियों ने मंत्रोच्चार के साथ सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की।

कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी क्षण वह रहा जब जिला मुख्यालय में जिस मशाल से सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित हुई, उसी मशाल से जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों देवतालाब और मऊगंज की सेवा ज्योति को भी प्रज्ज्वलित किया गया। यह एक ही ज्योति से पूरे जिले को जोड़ने का प्रतीक बना।

ज्योति प्रज्ज्वलन के बाद दोनों विधानसभा क्षेत्रों के नागरिक अपनी-अपनी प्रज्ज्वलित मशाल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों के लिए रवाना हुए। विधानसभा स्तर पर निकली सेवा यात्रा में सबसे आगे सुसज्जित रथ रहा, रथ के पीछे हाथ में प्रज्ज्वलित मशाल लिए नागरिक चला और उसके पीछे बड़ी संख्या में आमजन, कार्यकर्ता और युवा भारत माता की जय के नारों के साथ शामिल रहे।

देवतालाब विधानसभा में यात्रा का नेतृत्व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम और मऊगंज विधानसभा में विधायक प्रदीप पटेल ने किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा, कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, जनपद अध्यक्ष नीलम इंद्रपाल सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल, नईगढ़ी नगर परिषद अध्यक्ष नागिता गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और आमजन उपस्थित रहे।

Varsha Shrivastava 
