सतना पुलिस ने कुख्यात तस्कर जस्सा के भाई प्रदीप जायसवाल को किया गिरफ्तार
सतना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुख्यात गांजा और शराब तस्कर अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा के भाई प्रदीप जायसवाल उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अलग-अलग राज्यों में ड्रग्स की तस्करी करता था।
सतना के उचेहरा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुख्यात गांजा और शराब तस्कर अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा के भाई प्रदीप जायसवाल उर्फ पिंटू को उसके घर में बने गुप्त तहखाने से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घर के अंदर ही छिपकर हाईटेक कैमरों से बाहर की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जस्सा, भंडारा कराने अपने पोंड़ी स्थित घर आया हुआ है। इसी इनपुट पर उचेहरा पुलिस की टीम दो वाहनों में सवार होकर मौके पर पहुंची। जैसे ही पुलिस घर के पास पहुंची, आसपास मौजूद बच्चों ने ‘पुलिस-पुलिस’ चिल्लाना शुरू कर दिया, जिससे घर के अंदर मौजूद लोगों को भनक लग गई और दरवाजे भीतर से बंद कर लिए गए।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया, लेकिन अंदर जस्सा और उसका भाई पिंटू नजर नहीं आए। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों में से कोई एक घर में ही छिपा हुआ है। पुलिस ने घर की बारीकी से तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान किचन के पास कबाड़ के बीच एक संदिग्ध रास्ता दिखाई दिया। वहां पहुंचने पर सीढ़ियां मिलीं, जो नीचे बने गुप्त तहखाने की ओर जा रही थीं।

अंधेरे में मोबाइल की रोशनी के सहारे पुलिस टीम तहखाने में उतरी, जहां प्रदीप उर्फ पिंटू छिपा हुआ मिला। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया। तहखाने की जांच में पुलिस को टीवी सेट, सीसीटीवी स्क्रीन, डीवीआर और हार्ड डिस्क सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले। बताया जा रहा है कि आरोपी इसी तहखाने में बैठकर घर के बाहर लगाए गए हाईटेक कैमरों के जरिए पुलिस और अन्य गतिविधियों पर नजर रखता था। पुलिस ने सभी उपकरण जब्त कर लिए हैं। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से एक कार, एक जीप और एक ट्रैक्टर भी जब्त किया है। आशंका जताई जा रही है कि इन वाहनों का इस्तेमाल नशे की तस्करी में किया जाता था।

दरअसल 15 जनवरी को परसमनिया जंगल के मढफ़ई गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 28 लाख रुपये की प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की 120 पेटियां बरामद की थीं। यह खेप एक महिला के घर में छिपाकर रखी गई थी, जिसमें जस्सा और पिंटू दोनों आरोपी बनाए गए थे। इसके दो दिन बाद 17 जनवरी को पुलिस ने सखौंहा क्षेत्र में दबिश देकर करीब 40 लाख रुपये का 4 क्विंटल गांजा भी जब्त किया था। इन दोनों मामलों में जस्सा और पिंटू फरार चल रहे थे। अब तक एक महिला समेत जस्सा के पांच गुर्गे गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

बताया जा रहा है कि जस्सा के फरार रहने के दौरान उसका भाई पिंटू ही पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था और नशे की खेप छिपाने व सप्लाई करने में उसकी अहम भूमिका थी। फिलहाल पुलिस ने पिंटू को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी जस्सा की तलाश जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से पूरे नशा तस्करी नेटवर्क के कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

