बारिश से पहले अलर्ट हुआ नगर निगम, पिछले साल जैसी गलती अब नहीं होगी!
मानसून को देखते हुए रीवा नगर निगम ने 15 जून से सभी टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। नालों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और जलभराव रोकने पर विशेष फोकस रहेगा।
रीवा में मानसून को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को महापौर अजय मिश्रा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर बारिश के मौसम में होने वाली संभावित समस्याओं पर चर्चा की।
महापौर ने साफ कहा कि पिछले साल की तरह इस बार शहर में जलभराव और बाढ़ जैसी परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए 15 जून से नगर निगम की सभी टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने शहर के निचले (लो-लाइन) इलाकों पर खास नजर रखने को कहा है। साथ ही अमहिया नाले की सफाई जल्द पूरी करने और नालों पर हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके।
बैठक में शहर के CCTV कैमरों को भी जल्द दुरुस्त करने की बात कही गई। महापौर ने कहा कि सभी कैमरे चालू हालत में रहें, जिससे किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम तक पहुंच सके।
इसके अलावा जलप्रदाय और सीवरेज योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिन इलाकों में जलभराव या सड़कों की मरम्मत से जुड़ी शिकायतें मिल रही हैं, वहां जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम का कहना है कि इस बार बारिश के दौरान लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से किए जा रहे हैं।
Saba Rasool 
