रीवा: क्रेडिट लेने की रेस में CM के ससुराल जाने वाली सड़क का दो बार किया भूमिपूजन

शहर के वार्ड 14 और 15 में बनने वाली सड़क का भूमिपूजन एक घंटे के अंतर से पहले भाजपा और फिर कांग्रेस ने किया। सड़क निर्माण पर करीब 2.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

रीवा: क्रेडिट लेने की रेस में CM के ससुराल जाने वाली सड़क का दो बार किया भूमिपूजन

रीवा शहर के वार्ड नंबर 14 और 15 में आज सड़क और नाली सहित कई विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इन कामों पर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लेकिन विकास कार्यों से ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि इस सड़क का भूमिपूजन दो बार किया गया। पहले भाजपा की ओर से और उसके करीब एक घंटे बाद कांग्रेस की ओर से।

वार्ड 14 और 15 को जोड़ने वाली संजय नगर की सड़क के लिए भूमिपूजन का कार्यक्रम सुबह 11 बजे तय था। दोनों वार्डों के पार्षद कांग्रेस से हैं और शहर के महापौर भी कांग्रेस पार्टी के हैं।

पहले नगर निगम स्पीकर ने किया भूमिपूजन 

तय समय से पहले भाजपा के नगर निगम स्पीकर व्यंकटेश पाण्डेय, कुछ पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क का भूमिपूजन कर वहां से चले गए। करीब एक घंटे बाद कांग्रेस के पार्षद और महापौर मौके पर पहुंचे और तय कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने भी उसी सड़क का दोबारा भूमिपूजन किया।

क्रेडिट लेने की रेस 

बताया जा रहा है कि यह सड़क प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की ससुराल तक जाती है। इसी वजह से दोनों ही दल इस सड़क के निर्माण का श्रेय लेने की कोशिश करते नजर आए।

क्या बोले रीवा महापौर?

ये काम वार्ड क्रमांक 14- 15 दोनों कांग्रेस पार्षदों की मेहनत से हुआ है। उन्होंने ही इस सड़क के लिए प्रयास किए और कार्यक्रम में हमें आमंत्रित किया था, इसलिए हम वहां पहुंचे थे। लेकिन भाजपा के लोग पहले ही पहुंच के भूमिपूजन कर गए और श्रेय लेने की कोशिश की।

महापौर ने आरोप लगाया कि ये भाजपा की पुरानी आदत है और पहले भी ऐसा होता रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ये लोग किसी और के समर्थक नहीं, बल्कि सीधे तौर पर राजेंद्र शुक्ला के कार्यकर्ता हैं।