रीवा के वार्ड 5 में बदहाल सड़क, 100 परिवार परेशान

रीवा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 5 में सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क जर्जर हो गई। करीब 100 परिवारों की परेशानी को लेकर पार्षद राजीव शर्मा ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

रीवा के वार्ड 5 में बदहाल सड़क, 100 परिवार परेशान

रीवा। शहर के जवाहर वार्ड क्रमांक-5 में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। हमीदिया कॉलोनी के पीछे रमेश मिश्रा के घर से निर्मल कॉलोनी तक जाने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। समस्या को लेकर वार्ड पार्षद राजीव शर्मा ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि वर्ष 2023-24 में इस मार्ग पर WBM सड़क का निर्माण कराया गया था। इसके बाद इलाके में सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू हुआ, जिससे सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सीवर का काम होने के बाद सड़क को पहले जैसी स्थिति में दुरुस्त नहीं किए जाने के कारण अब स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

करीब 100 परिवारों को हो रही परेशानी

निर्मल कॉलोनी में करीब 100 परिवार रहते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क खराब होने के कारण रोजमर्रा की आवाजाही मुश्किल हो गई है। जर्जर रास्ते की वजह से वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी होती है, साथ ही दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

वार्ड पार्षद राजीव शर्मा ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि हमीदिया कॉलोनी से निर्मल कॉलोनी तक क्षतिग्रस्त सड़क पर जल्द मरम्मत और WBM का काम कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।

पार्षद ने इस समस्या को लेकर नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन सड़क की बदहाली दूर करने के लिए कब तक कदम उठाता है और निर्मल कॉलोनी के रहवासियों को कब तक राहत मिलती है।