भोपाल में युवा विधायक सम्मेलन का समापन, हरिवंश बोले-2047 से पहले बनेगा विकसित भारत
भोपाल में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा विधायकों का सम्मेलन आज मंगलवार को संपन्न हुआ । समापन सत्र में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
भोपाल:राजधानी में आयोजित मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा विधायकों का सम्मेलन मंगलवार को संपन्न हो गया। समापन सत्र में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने युवा विधायकों को संबोधित करते हुए विकसित भारत के विजन और नवाचार की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने विकसित भारत का सपना देखा और आज गांव-गांव में इसको लेकर चर्चा हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को देश के लिए निर्णायक बताया।

युवा विधायक सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यसभा के माननीय उप सभापति श्री हरिवंश जी..@harivansh1956 pic.twitter.com/ia8EWFJv6H
— MP Vidhan Sabha (@MPVidhanSabha) March 31, 2026
अपने संबोधनल में बोले उप सभापति
हरिवंश ने अपने संबोधन में कहा कि पहले देश में हाईवे 11-12 किलोमीटर प्रतिदिन की रफ्तार से बनते थे, जो अब बढ़कर करीब 30 किलोमीटर प्रतिदिन हो गई है। इसी तरह 2014 से पहले जहां 400-500 स्टार्टअप हुआ करते थे, वहीं आज इनकी संख्या 2 लाख से अधिक हो चुकी है। एयरपोर्ट की संख्या भी 70 से बढ़कर 160 से ज्यादा हो गई है।उन्होंने कहा कि एक समय मध्य प्रदेश को ‘बीमारू राज्य’ कहा जाता था, लेकिन अब प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। ऐसे में युवा विधायक सम्मेलन जैसे आयोजन लोकतंत्र के लिए सकारात्मक पहल हैं।उपसभापति ने युवाओं को किताब पढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि राजनीति सबसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र है और इसमें लगातार सीखना जरूरी है। उन्होंने इनोवेशन और टेक्नोलॉजी, खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते महत्व पर भी जोर दिया।हरिवंश ने कहा कि अगर देश आर्थिक और सैन्य रूप से मजबूत नहीं होगा तो विकास संभव नहीं है। गांव और जंगलों में रहने वाले लोगों तक समृद्धि पहुंचे, तभी वास्तविक विकास माना जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत 1980 में आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन आज देश तेजी से विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है। कोविड जैसी आपदा के बाद भी भारत ने अपनी ताकत दुनिया को दिखाई है।

युवा विधायकों के उत्साह ने सम्मेलन को बनाया सफल: तोमर
भोपाल में आयोजित युवा विधायक सम्मेलन के समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने संबोधित करते हुए कहा कि इस अवसर पर बोलते हुए उन्हें अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। उन्होंने बताया कि दो दिनों के दौरान उत्साह और रचनात्मक भावना के साथ विभिन्न विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जीवंतता और उसकी निरंतर प्रगति का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के सभी युवा विधायकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके विचार, अनुभव और सक्रिय सहभागिता ने इस सम्मेलन को प्रभावशाली और सार्थक बनाया है।

विकसित भारत 2047 के लिए युवा शक्ति प्रतिबद्ध: तोमर
अपने संबोधन में उन्होंने उद्घाटन सत्र का उल्लेख करते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर के कथन को याद दिलाया और कहा कि संविधान और लोकतंत्र के बने रहने की पहली शर्त जागरूक और चैतन्य नागरिक हैं। यही नागरिक बोध देश में लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने वैश्विक परिदृश्य का जिक्र करते हुए नेपाल में वर्ष 2025 में हुए युवा आंदोलन का उदाहरण दिया, जहां सोशल मीडिया प्रतिबंध के विरोध से शुरू हुआ आंदोलन भ्रष्टाचार, वंशवाद, बेरोजगारी और कुप्रबंधन के खिलाफ व्यापक विरोध में बदल गया। उन्होंने इसे बांग्लादेश और श्रीलंका में हुए आंदोलनों से भी जोड़ा।तोमर ने कहा कि इन घटनाओं की तुलना में भारत की स्थिति संतोषजनक है, जहां युवा आक्रोशित नहीं बल्कि सकारात्मक ऊर्जा के साथ देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि देश के युवा नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध और उत्साहित हैं।
छात्रसंघ चुनाव पर निशाना
बीजेपी विधायक अभिलाष पांडे ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में गठित लिंगदोह कमेटी के बाद छात्र राजनीति कमजोर हुई। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में पारंपरिक छात्र राजनीति को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक नेतृत्व को बढ़ावा देने पर विचार करेगी।

किसानों के हित में सरकार
अभिलाष पांडे ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह किसान हितैषी है और किसानों के हितों की रक्षा उसकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और आगे भी इसी दिशा में काम जारी रहेगा।
टीईटी मुद्दे को मंत्री के सामने रखा जाएगा-अभिलाष पांडे
टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) को लेकर पांडे ने कहा कि कई शिक्षकों ने उनसे अपनी चिंता साझा की है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को संबंधित मंत्री के सामने रखा जाएगा ताकि वर्तमान शिक्षकों की मांगों पर विचार कर उचित समाधान निकाला जा सके।

युवा सम्मेलन पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया
कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के विधायकों ने विकास, विदेश नीति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर चर्चा की। उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर मिलकर काम करने पर जोर दिया।

विकास पर राजस्थान के MLA की चिंता
राजस्थान से आए भारत आदिवासी पार्टी के विधायक अनिल कुमार कटारा ने भोपाल में आयोजित दो दिवसीय युवा विधायक सम्मेलन को महत्वपूर्ण मंच बताते हुए अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से देशभर के जनप्रतिनिधियों को एक-दूसरे के अनुभव और विचारों को समझने का अवसर मिलता है, जो लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। कटारा ने कहा कि “विकसित भारत” का लक्ष्य केवल भाषणों, योजनाओं या कागज़ी आंकड़ों से हासिल नहीं किया जा सकता, इसके लिए जमीनी स्तर पर ठोस काम करना होगा। उन्होंने इस बात पर भी चिंता जताई कि देश में आज भी आदिवासी और दलित समाज के लोग शोषण का सामना कर रहे हैं। जब तक इन वर्गों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक समग्र विकास की बात अधूरी रहेगी। उन्होंने कहा कि विकास की इमारत तभी मजबूत होगी जब समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चला जाए। यदि दबे-कुचले लोगों की आवाज़ को अनदेखा किया गया, तो वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। कटारा ने 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यह लक्ष्य चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि देश के कई प्रतिभाशाली छात्र बेहतर शिक्षा के लिए विदेश जाने को मजबूर हैं, जबकि ऐसी सुविधाएं देश के भीतर ही उपलब्ध होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों की जवाबदेही तय होना बेहद जरूरी है। उनके अनुसार, पारदर्शिता और ईमानदारी के बिना विकास की गति को सही दिशा नहीं मिल सकती। उन्होंने कहा कि देश के वास्तविक विकास के लिए ज़मीनी सच्चाइयों को समझना और उन पर काम करना ही सबसे जरूरी है।

वारदाना संकट पर सरकार घिरी
मध्य प्रदेश में वारदाना (बोरी) की कमी को लेकर कांग्रेस विधायक नितेंद्र सिंह राठौर ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी शासन में किसान परेशान हैं और फसल तैयार होने के बावजूद उन्हें वारदाना नहीं मिल रहा। राठौर ने आरोप लगाया कि सरकार इवेंट्स में व्यस्त है और किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही, जिससे किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। साथ ही, युवा विधायक सम्मेलन को लेकर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नए विचार मिलते हैं और इसके लिए उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का आभार जताया।

गांव चलो अभियान पर सवाल
कांग्रेस के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने भाजपा के “गांव चलो अभियान” पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले सरकार यह बताए कि मुख्यमंत्री के लगभग तीन साल के कार्यकाल में जनता को क्या नई योजनाएं मिली हैं। उन्होंने गेहूं खरीदी में देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 1 अप्रैल से शुरू होने वाली खरीदी अब 8 अप्रैल और ग्वालियर-चंबल संभाग में 15 अप्रैल तक टाल दी गई है।
खरीदी में देरी से किसान परेशान
जयवर्धन सिंह ने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में फसल कट चुकी है और किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी का इंतजार कर रहे हैं, खासकर छोटे किसानों को नगदी की सख्त जरूरत है। उन्होंने मांग की कि “गांव चलो अभियान” से पहले सरकार स्पष्ट करे कि खरीदी कब तक होगी। वहीं, युवा विधायक सम्मेलन को उन्होंने सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि इससे युवा विधायकों को अपने विचार रखने का मंच मिल रहा है।
उज्जैन के लिए रवाना होंगे विधायक
सम्मेलन के समापन के बाद सभी विधायक उज्जैन के लिए रवाना होंगे, जहां वे भगवान महाकाल के दर्शन करेंगे. इससे पहले सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किया था। उद्घाटन सत्र में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सम्मेलन का उद्देश्य तीनों राज्यों के युवा विधायकों के बीच संवाद, नीति निर्माण और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना रहा।
shivendra 
