प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, पेड़ पर लटके मिले शव
सतना के सिंहपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विरोध के चलते प्रेमी जोड़े ने एक ही फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सतना के सिंहपुर थाना क्षेत्र के मोरा गांव में प्रेमी जोड़े ने एक ही फांसी के फंदे से आत्महत्या कर ली। दोनों के शव गांव के उसरहा हार स्थित जंगल में एक नीम के पेड़ पर लटके मिले।
छोटे पाल की पुत्री अंजली पाल बीते 29-30 मार्च की रात करीब 1:30 बजे घर से बिना बताए गायब हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। 30 मार्च की रात करीब 9 बजे गांव के उसरहा हार में एक पेड़ पर अंजली पाल और रामभजन गोंड के शव एक ही फांसी के फंदे पर लटके होने की सूचना मिली।
घटना की सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था, जिसे उनके परिजन स्वीकार नहीं कर रहे थे। परिजनों ने भी पुलिस को बताया कि उन्हें इस संबंध पर आपत्ति थी, हालांकि किसी अन्य प्रकार के शक या संदेह से मना किया गया है।
पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे, लेकिन सामाजिक और पारिवारिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठा लिया। वहीं थाना प्रभारी अजय अहिरवार ने बताया कि मामले की विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

