हार्दिक पंड्या की कप्तानी जाएगी? MI के बैटिंग कोच कायरन पोलार्ड के बयान से बढ़ी हलचल

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खराब प्रदर्शन के बाद हार्दिक पंड्या की कप्तानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। बैटिंग कोच कायरन पोलार्ड के बयान के बाद टीम में बड़े बदलाव और नए कप्तान की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हार्दिक पंड्या की कप्तानी जाएगी? MI के बैटिंग कोच कायरन पोलार्ड के बयान से बढ़ी हलचल

IPL 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. पांच बार की चैंपियन टीम इस सीजन 14 में से सिर्फ चार मुकाबले जीत सकी और पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर रही. लेकिन टीम के खराब प्रदर्शन से ज्यादा चर्चा ड्रेसिंग रूम के माहौल और कप्तान हार्दिक पंड्या की लीडरशिप को लेकर होती रही. अब बैटिंग कोच कायरन पोलार्ड के बयान ने हार्दिक की कप्तानी पर सवाल और तेज कर दिए हैं.

हार्दिक पंड्या की कप्तानी पर उठे सवाल

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आखिरी लीग मैच में हार के बाद मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच कायरन पोलार्ड ने कप्तानी को लेकर बड़ा बयान दिया. पोलार्ड ने माना कि हार्दिक पंड्या के लिए यह सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।

उन्होंने कहा,

“लीडरशिप के नजरिए से देखें तो हार्दिक के लिए यह सीजन वैसा नहीं रहा जैसा वह खुद चाहते थे. शायद यह वैसा भी नहीं रहा जैसा टीम मैनेजमेंट चाहता था. लेकिन हमने उन्हें टीम को लीड करने और सफल होने का हर संभव मौका दिया.

पोलार्ड के इस बयान के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या मुंबई इंडियंस अगले सीजन से पहले कप्तानी में बदलाव कर सकती है.

टीम के प्रदर्शन से मैनेजमेंट निराश

मुंबई इंडियंस पूरे सीजन में संतुलित टीम नजर नहीं आई। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में टीम संघर्ष करती दिखी। पोलार्ड ने खराब प्रदर्शन के लिए किसी एक खिलाड़ी को जिम्मेदार मानने से इनकार किया, लेकिन उन्होंने माना कि टीम को कई चीजों पर काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा,

“जब आप हारते हैं तो आपको मिलकर सुधार करना पड़ता है। हार्दिक कोशिश कर रहे थे, हम सभी कोशिश कर रहे थे, लेकिन चीजें हमारे पक्ष में नहीं गईं। अब समय है कि हम बैठकर चर्चा करें और देखें कि टीम के लिए सबसे बेहतर क्या हो सकता है।”

जल्दबाजी में फैसला नहीं लेगा MI मैनेजमेंट

पोलार्ड ने साफ किया कि फिलहाल भावनात्मक फैसले लेने का समय नहीं है। उनके मुताबिक टीम मैनेजमेंट पूरे सीजन की समीक्षा करेगा और उसके बाद ही भविष्य को लेकर कोई बड़ा फैसला लिया जाएगा।

उन्होंने कहा,

“अभी इस बारे में बात करने का सही समय नहीं है। हर किसी को थोड़ा समय चाहिए ताकि शांत दिमाग से सोचा जा सके कि आखिर हमसे कहां गलती हुई। जल्दबाजी में कोई फैसला लेना गैरजिम्मेदाराना होगा।”

बल्ले से भी नहीं चला हार्दिक का जादू

हार्दिक पंड्या इस सीजन कप्तानी के साथ-साथ अपने प्रदर्शन से भी प्रभावित नहीं कर पाए. उन्होंने 10 मैचों में सिर्फ 206 रन बनाए, जबकि चार मुकाबलों में वह खेल ही नहीं सके। ऐसे में टीम मैनेजमेंट अगले सीजन से पहले उनकी भूमिका को लेकर बड़ा फैसला ले सकता है.

मुंबई इंडियंस में हो सकते हैं बड़े बदलाव

आईपीएल 2026 के निराशाजनक अभियान के बाद मुंबई इंडियंस टीम में बड़े बदलाव की तैयारी कर सकती है. कप्तानी से लेकर टीम कॉम्बिनेशन तक कई फैसलों पर चर्चा होने की संभावना है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या फ्रेंचाइजी हार्दिक पंड्या पर भरोसा कायम रखती है या फिर अगले सीजन के लिए नया कप्तान चुनती है.